VIDEO: सामने से आ रही थी मौत, खैनी थूकने की गलती से चली गई जान, वंदे भारत बनी कातिल

  • 0:17
  • प्रकाशित: मार्च 26, 2026

बाढ़ (पटना): दानापुर रेल मंडल अंतर्गत बाढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या‑02 पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई. खैनी थूकने के दौरान वह तेज रफ्तार वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया. हादसे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, हालांकि उस समय मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी.

बुधवार शाम को वायरल वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी मिली. इसके बाद गुरुवार सुबह परिजन बाढ़ स्टेशन पहुंचे, जहां रेल जीआरपी की मदद से पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखे गए शव की पहचान की गई. आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

मृतक की पहचान नालंदा जिले के शाहाबाद गांव निवासी संजय राउत (55 वर्ष) के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि संजय राउत जन्म से ही मूक-बधिर थे और सुनने में असमर्थ होने के कारण उन्हें ट्रेन की हॉर्न की आवाज सुनाई नहीं दी.

परिजनों के अनुसार, संजय राउत मंगलवार सुबह अपने ससुराल जाने के लिए घर से निकले थे. उनका ससुराल बाढ़ अनुमंडल के सकसोहरा थाना क्षेत्र में स्थित है. इस दौरान वह किसी ट्रेन में सवार होकर बाढ़ पहुंच गए, लेकिन ससुराल नहीं गए. बाढ़ में ही उन्होंने सब्जियां और हॉर्लिक्स खरीदी और घर लौटने की तैयारी करने लगे. इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर खैनी थूकते समय वह वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गए.

मृतक के छोटे भाई कुंदन कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मिली. उन्होंने बताया कि संजय राउत मंगलवार को सकसोहरा थाना क्षेत्र स्थित अपने ससुराल जा रहे थे. वह बख्तियारपुर स्टेशन पर ट्रेन में सवार हुए थे, लेकिन ट्रेन सीधे बाढ़ स्टेशन पहुंच गई. वहां से वे वापस अपने घर लौटने की तैयारी कर रहे थे, तभी यह हादसा हो गया.

घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा‑तफरी मच गई थी. रेल जीआरपी द्वारा मामले की जांच की जा रही है.