अंडर-20 वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप से लौटे भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन किया. भारत ने इस प्रतियोगिता में कुल तीन पदक जीते, जो टीम के लिए बड़ी उपलब्धि रही. उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर के रहने वाले जैवलिन थ्रो खिलाड़ी आशीष यादव ने 74.09 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ रजत पदक अपने नाम किया. उनकी इस उपलब्धि पर ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने भी उन्हें बधाई दी. वहीं राजस्थान के बसंत मेघवाल ने हाई जंप में 2.21 मीटर की छलांग लगाकर सिल्वर मेडल जीता. इसके अलावा उत्तर प्रदेश के शाहनवाज खान ने लॉन्ग जंप में 7.84 मीटर के साथ कांस्य पदक हासिल किया. भारतीय एथलीटों के इस शानदार प्रदर्शन ने विश्व स्तर पर देश की एथलेटिक्स में बढ़ती ताकत को एक बार फिर साबित किया.