महाराष्ट्र के मालेगांव महानगर पालिका में टीपू सुल्तान की तस्वीर को लेकर एक बार फिर बवाल खड़ा हो गया है. हाल ही में उप महापौर (डिप्टी मेयर) शाने हिंद के रेनोवेट किए गए कार्यालय में छत्रपति शिवाजी महाराज और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जैसे महापुरुषों के साथ टीपू सुल्तान की फोटो लगाई गई थी. भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इसका कड़ा विरोध किया और जबरन उस तस्वीर को वहां से हटा दिया. विवाद के बावजूद उप महापौर शाने हिंद अपने रुख पर अड़ी हुई हैं. उनका तर्क है कि देश की आजादी में टीपू सुल्तान का अहम योगदान और शहादत रही है, और भारतीय संविधान उन्हें यह तस्वीर लगाने की इजाजत देता है. उन्होंने दो टूक कहा है कि जितनी बार उनके दफ्तर से टीपू सुल्तान की तस्वीर हटाई जाएगी, वह उतनी बार उसे दोबारा लगाएंगी. इससे पहले फरवरी में भी यह विवाद सामने आया था. अब एक सरकारी और आधिकारिक दफ्तर में इस तरह की तस्वीर लगाने और उसे बार-बार हटाने को लेकर मालेगांव की राजनीति पूरी तरह से गरमा गई है.