SCO सम्मिट से पाकिस्तान की एक शर्मनाक और बचकानी हरकत सामने आई है. पाकिस्तान के PMO के ऑफिशियल एक्स अकाउंट (वेरिफाइड अकाउंट) ने SCO की ग्रुप फोटो की एक एडिटेड/क्रॉप तस्वीर शेयर की है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर गायब है. NDTV के पास दोनों तस्वीरें हैं- असली तस्वीर और पाकिस्तान PMO द्वारा शेयर की गई तस्वीर. असली ग्रुप फोटो में कुल 12 नेता हैं, जिसमें PM मोदी, शी जिनपिंग, व्लादिमीर पुतिन सहित सभी नेता दिख रहे हैं और ऊपर SCO की तारीख वगैरह भी लिखी है. लेकिन पाकिस्तान PMO ने जो तस्वीर पोस्ट की है, उसमें सिर्फ 6 नेता दिख रहे हैं, इसे शी जिनपिंग के बाद से इस तरह क्रॉप किया गया है कि PM मोदी बाहर हो गए हैं और शहबाज शरीफ को जानबूझकर बीच में दिखाया गया है. बताया जा रहा है कि ये ऑफिशियल फोटो नहीं, बल्कि पाकिस्तानी डेलिगेशन के किसी व्यक्ति द्वारा खींची गई फोटो है.