NDTV ग्राउंड रिपोर्ट: नोएडा में पानी का संकट... नाले में उतरकर प्यास बुझाने को मजबूर बच्चे

  • 3:29
  • प्रकाशित: अगस्त 13, 2026

क्या करें भैया... स्कूल जाएं या पीने के लिए पानी भरें...' ये शब्द हैं 6 साल के राजा के, जो नोएडा के सेक्टर 78 के पास एक गंदे नाले से पीने का पानी भरने को मजबूर है. यह नजारा है नोएडा के सेक्टर 78 का. सुबह के करीब साढ़े नौ बज रहे हैं. कायदे से इस वक्त इन बच्चों के कंधों पर बस्ता होना चाहिए था और इन्हें स्कूल की क्लास में होना चाहिए था. लेकिन जब हम मौके पर पहुंचे, तो सामने जो नजारा था, वह किसी को भी अंदर तक झकझोर देने और स्तब्ध करने के लिए काफी था. आसपास की झुग्गियों में रहने वाले सैकड़ों लोग अपनी प्यास बुझाने के लिए एक नाले के भीतर उतरने को मजबूर हैं. 6-7 साल की छोटी-छोटी बच्चियां अपनी जान जोखिम में डालकर नाले के भीतर उतर रही थीं और बाल्टी में पानी भरकर ऊपर रख रही थीं. कुछ बच्चे बाल्टी में कपड़ा बांधकर उसे नीचे लटकाते और फिर खींचकर पानी निकाल रहे थे. नीचे बहता काला, गंदा नाला... अगर जरा सा भी पैर फिसला, तो कोई भी बच्चा उसमें गिर सकता है और एक बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता है.