NDTV वर्ल्ड समिट 2026 के दूसरे दिन 'Building At Scale: The New Economy of India' सेशन में टेक और मोबिलिटी सेक्टर के दिग्गज एक मंच पर आए. इस दौरान Uber APAC के रीजनल जनरल मैनेजर डोमिनिक टेलर (Dominic Taylor), माइक्रोसॉफ्ट इंडिया के प्रेसिडेंट पुनीत चंडोक (Puneet Chandok) और स्मार्टफोन ब्रांड 'नथिंग' (Nothing) के को-फाउंडर अकीस इवेंजेलिडिस (Akis Evangelidis) ने भारत की तेजी से बदलती अर्थव्यवस्था और ग्लोबल मार्केट में इसकी अहमियत पर अपने विचार साझा किए. इन तीनों दिग्गजों ने एक सुर में माना कि भारत की नई डिजिटल और फिजिकल इकोनॉमी न सिर्फ बड़े पैमाने पर बढ़ रही है, बल्कि दुनिया भर की बड़ी कंपनियों के लिए इनोवेशन और ग्रोथ का सबसे बड़ा केंद्र बन चुकी है. इन दिग्गजों का कहना है कि टेक से लेकर स्मार्टफोन सेक्टर तक, नथिंग (Nothing) और उबर जैसी ग्लोबल कंपनियों के लिए भारत 'मेक इन इंडिया' से आगे 'बिल्ड इन इंडिया' का बड़ा हब बन चुका है. इस चर्चा की शुरुआत में Uber के डोमिनिक टेलर ने भारत से जुड़ा एक हैरान कर देने वाला आंकड़ा साझा किया. उन्होंने बताया कि अगर पूरे विश्व में किसी भी एयरपोर्ट से सबसे ज्यादा उबर बुकिंग्स की बात करें, तो नई दिल्ली का इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पूरी दुनिया में नंबर वन पर है.