डेढ़ दिन का सफर अब सिर्फ डेढ़ घंटे में, मुंद्रा एयरपोर्ट से पहली उड़ान भरकर क्या बोले यात्री

आज का दिन गुजरात के कच्छ और मुंद्रा के लिए एक ऐतिहासिक दिन है. मुंद्रा एयरपोर्ट से आखिरकार कमर्शियल उड़ानों का शानदार आगाज हो चुका है. इस पहले दिन यात्रा करने वाले पैसेंजर्स में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया. पहले जहां लोगों को दिल्ली या अन्य बड़े शहरों तक पहुंचने के लिए ट्रेन से डेढ़ से दो दिन का लंबा और थका देने वाला सफर तय करना पड़ता था, या फिर फ्लाइट के लिए भुज या गांधीधाम जाना पड़ता था, वहीं अब यह दूरी महज डेढ़ से दो घंटे में सिमट गई है. मुंद्रा, जो कि एशिया का नंबर वन पोर्ट और एक बहुत बड़ा औद्योगिक केंद्र है, वहां इस एयरपोर्ट के शुरू होने से बिजनेसमैन और उद्योगपतियों को जबरदस्त फायदा होने वाला है. इतना ही नहीं, इस नई कनेक्टिविटी से कच्छ के पर्यटन (Tourism) को भी नए पंख मिलेंगे. अब देश-विदेश के पर्यटक आसानी से व्हाइट रण (White Rann), धोलावीरा (Dholavira) और मांडवी बीच (Mandvi Beach) जैसे खूबसूरत स्थलों का एक ही दिन में दीदार कर सकेंगे.