गुरुग्राम सेक्टर-58, मैग्नम ग्लोबल पार्क में कारगिल युद्ध के जांबाज रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन अमित गुप्ता पर पार्किंग विवाद में लोहे की रॉड से जानलेवा हमला हुआ है. घटना 10 सितंबर रात 8 बजे की है. अमित गुप्ता परिवार के साथ गोंजो रेस्टोरेंट डिनर पर आए थे. फैमिली को छोड़ गाड़ी पार्क करने गए, तो अटेंडेंट ने ऑथराइज्ड पार्किंग लॉट में भी 3-4 जगह पार्क नहीं करने दी, साथ ही बदतमीजी भी की. रिवर्स करते वक्त अटेंडेंट गाड़ी का शीशा तोड़ने लगा. रोकने बाहर निकले तो आरोपी भारी लोहे की रॉड लेकर आया और 2 वार किए. मॉल के स्टाफ-सुरक्षा ने कोई मदद नहीं की, इसके बाद पीड़ित ने पहले फैमिली को बुलाया फिर 112 पर पुलिस को कॉल किया, लेकिन पुलिस 30 मिनट तक नहीं आई, सिर्फ लोकेशन पूछती रही. बाद में एंबुलेंस से मेदांता मेडिसिटी गए, पुलिस वहां भी नहीं पहुंची, फोन पर डॉक्टर से बात कराने को कहा. मेदांता में सर्जरी हुई, कोहनी में प्लेट लगी, हालत अब ठीक बताई जा रही है. पीड़ित ने MLC रिपोर्ट को भी गलत बताया.