जालंधर में लेडी डॉक्टर ने दी जान, पति पर अस्पताल में नर्स से अफेयर का आरोप

पंजाब के जालंधर से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद खबर सामने आई है. जालंधर के 'नेशनल आई हॉस्पिटल' के डॉक्टर पीयूष सूद की पत्नी डॉक्टर मीनाक्षी ने संदिग्ध परिस्थितियों में कथित तौर पर सुसाइड कर लिया है. डॉक्टर मीनाक्षी कपूरथला के सरकारी अस्पताल में तैनात थीं और बुधवार सुबह उनका शव केवल विहार स्थित उनके घर में मिला. डॉक्टर मीनाक्षी के माता-पिता का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या हो सकती है. उनके मुताबिक, डॉक्टर पीयूष का अपने ही अस्पताल में काम करने वाली एक नर्स के साथ एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर था. डॉक्टर मीनाक्षी ने अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर इसका खुलासा भी किया था. डॉक्टर मीनाक्षी जुलाई 2025 से पति से अलग रह रही थीं. जब वह नया मकान खरीदने के लिए बैंक गईं, तो पता चला कि उनके पति ने उनके जाली हस्ताक्षर करके उनके नाम पर ढाई करोड़ रुपये का फर्जी लोन ले रखा है. आरोपी पति पीयूष लगातार मीनाक्षी के साथ मारपीट करता था और पहले भी उसका गला घोंटने की कोशिश कर चुका था. तंग आकर मीनाक्षी अब तलाक लेने की तैयारी कर रही थीं.