नई दिल्ली: जिस मैच में नागपुर के प्रफुल्ल हिंगे ने कहर बरपाते हुए 4 विकेट झटके और पहले ही ओवर में 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया, उसी मुकाबले में एक और गेंदबाज ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया. यह नाम है बिहार के गोपालगंज जिले के रहने वाले शाकिब हुसैन का. शाकिब हुसैन ने अपने डेब्यू मैच में शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 24 रन देकर 4 विकेट हासिल किए. खास बात यह रही कि उन्होंने प्रफुल्ल हिंगे से भी कम रन खर्च किए. कमेंटेटर्स लगातार उनकी लाइन, लेंथ और कंट्रोल की तारीफ करते रहे.
यशस्वी जायसवाल का विकेट लेकर बढ़ाया प्रभाव
शाकिब हुसैन ने इस मैच में टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का अहम विकेट भी झटका. यह विकेट उनके आत्मविश्वास और गेंदबाजी की गुणवत्ता को दर्शाता है. कोलकाता नाइट राइडर्स से जुड़े शाकिब पहले टीम का हिस्सा तो थे, लेकिन उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिल पाया था.
हैदराबाद में ईशान किशन ने उन पर भरोसा जताया और डेब्यू का मौका दिया. इस भरोसे पर शाकिब पूरी तरह खरे उतरे और अपने पहले ही मैच में 4 विकेट लेकर छा गए.
सेना में जाना चाहते थे, जूतों तक के पैसे नहीं थे
शाकिब हुसैन की कहानी बेहद संघर्षपूर्ण रही है. उन्होंने खुद बताया कि एक वक्त ऐसा था जब उनके पास क्रिकेट खेलने के लिए स्पाइक्स तक नहीं थे. वह पहले आर्मी में जाना चाहते थे, लेकिन हालात ने उन्हें क्रिकेट के मैदान तक पहुंचा दिया.
टेनिस बॉल क्रिकेट खेलकर उन्हें कई बार 10 हजार से 15 हजार रुपये तक मिल जाते थे. उसी पैसों से घर का खर्च चलता था. एक बार जब वह घर लौटे और मां से कहा कि उनके पास स्पाइक्स नहीं हैं, तो उनकी मां रो पड़ीं.
मां ने गहने बेचकर खरीदे स्पाइक्स
शाकिब की मां ने अपने देवरों के गहने बेचकर बेटे के लिए स्पाइक्स खरीदे. इसके बाद शाकिब ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा. आज जब वह मैदान में गेंदबाजी करते हैं तो उनका आत्मविश्वास, फिटनेस और मेहनत साफ नजर आती है. सिक्स पैक बॉडी और धारदार गेंदबाजी उनकी पहचान बन चुकी है.
उनके पिता कई बार शाकिब की मेहनत की बात करते हुए भावुक हो जाते हैं. वहीं गोपालगंज में इस वक्त जश्न का माहौल है.
बिहार क्रिकेट को मिला एक और सितारा
बिहार क्रिकेट संघ के लिए शाकिब हुसैन एक और बड़ी उपलब्धि माने जा रहे हैं. बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा है कि बिहार में टैलेंट की कोई कमी नहीं है और आने वाले दिनों में कई और नाम सामने आएंगे.
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष और सचिव ने भी शाकिब की जमकर तारीफ की. उनके कोच रॉबिन ने गर्व के साथ कहा कि शाकिब की मेहनत और लगन आज रंग ला रही है.
आगे और चमकेंगे शाकिब
गोपालगंज और पूरे बिहार में इस वक्त खुशियां मनाई जा रही हैं. शाकिब हुसैन ने अपने डेब्यू से यह साफ कर दिया है कि आने वाले समय में उन पर खास नजर रखी जाएगी. संघर्ष से निकलकर स्टार बनने की यह कहानी युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है.
रिपोर्ट. विमल मोहन. NDTV इंडिया