हैदराबाद में गुरुवार सुबह करीब 11 बजे एक बड़ा हादसा टल गया, जब दिलसुखनगर डिपो की TGSRTC बस अब्दुल्लापुरमेट के बाटासिंगाराम स्थित एक पेट्रोल पंप से जा टकराई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस चालक ने अचानक सामने आई एक कार से बचने की कोशिश की, जिसके चलते बस का नियंत्रण बिगड़ गया और वह पेट्रोल पंप की ओर मुड़ गई. CCTV फुटेज में देखा जा सकता है कि बस एक कार को बचाने के प्रयास में पेट्रोल पंप की तरफ मुड़ जाती है. इस दौरान सर्विस रोड पर एक ट्रक भी खड़ा था, जिससे चालक के पास बचाव के सीमित विकल्प रह गए. हादसे में एक कार और एक ऑटो को नुकसान पहुंचा, जबकि पेट्रोल पंप के डीजल डिस्पेंसर और अन्य उपकरण भी क्षतिग्रस्त हो गए. राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. अब्दुल्लापुरमेट पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.