PM Modi Live: बंगाल में प्रचंड जीत के बाद PM Modi ने चुनाव आयोग का धन्यवाद किया

PM Modi on Bengal Election Results 2026: पीएम मोदी ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, "पश्चिम बंगाल समेत देश के कई राज्यों में हुए हालिया चुनावों ने भारतीय लोकतंत्र की ताकत और जनभागीदारी की शानदार मिसाल पेश की है. करीब 93% मतदान के साथ बंगाल ने नया इतिहास रचा, वहीं असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में भी रिकॉर्ड वोटिंग दर्ज की गई. खास बात यह रही कि इन चुनावों में महिलाओं की भागीदारी भी अभूतपूर्व रही, जो लोकतंत्र की सबसे उजली तस्वीर को सामने लाती है.
प्रधानमंत्री ने इस मौके पर चुनाव आयोग, मतदान कर्मियों और सुरक्षा बलों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इन सबके प्रयास से ही लोकतंत्र की गरिमा बनी रहती है. उन्होंने सभी कर्मचारियों और सुरक्षा बलों का आभार व्यक्त किया, जिनकी मेहनत को इतिहास हमेशा याद रखेगा.
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने गंगा से जुड़े भावनात्मक संदर्भ का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि आज गंगोत्री से लेकर गंगा सागर तक बीजेपी को जनसमर्थन मिल रहा है और उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार के बाद अब पश्चिम बंगाल में भी पार्टी की मजबूती साफ दिखाई दे रही है.
असम में बीजेपी की लगातार तीसरी जीत (हैट्रिक) को ऐतिहासिक बताते हुए उन्होंने राज्य की जनता का धन्यवाद किया और कहा कि वहां विकास की रफ्तार और तेज होगी. साथ ही पुडुचेरी में फिर से मिली जीत को जनता के विश्वास का प्रतीक बताते हुए उन्होंने हर क्षेत्र में विकास जारी रखने का भरोसा दिया.
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि आज देश के 20 से ज्यादा राज्यों में बीजेपी और NDA की सरकारें हैं, जो जनता के विश्वास और समर्थन को दर्शाता है.

संबंधित वीडियो