इज़रायल के दक्षिण में मौजूद एक अस्पताल की पार्किंग में भारी अफरा-तफरी के बीच कुछ लोगों ने कियोस्क बना दिए हैं, और भोजन और पानी बांटने के साथ-साथ सभी को तसल्ली भी दे रहे हैं. इज़रायल के दक्षिण में मौजूद दो बड़े अस्पतालों में से एक एस्केलॉन में बना बार्ज़िलाई मेडिकल सेंटर है. यहां की पार्किंग में ऊंची आवाज़ में सायरन बजातीं एम्बुलेंस प्रवेश करती हैं, जो हमास आतंकवादियों के साथ जारी युद्ध में ज़ख्मी हुए इज़रायली नागरिकों को ला रही हैं. समय से कहीं ज़्यादा वक्त तक काम करते पैरा-मेडिक ज़ख्मियों की तरफ दौड़ते हैं, उन्हें स्ट्रेचर पर डालते हैं और एमरजेंसी डिपार्टमेंट तक ले जाते हैं. युद्ध से जूझ रहे इज़रायल में रिपोर्टिंग कर रही NDTV टीम ने भी अस्पताल पहुंचे लोगों से उनकी तकलीफों और दिक्कतों को समझने के लिए बातचीत की.