सीरियल चंद्रकांता सन 1994 का वो शो था, जिसने दूरदर्शन के और बाकी शोज को पीछे छोड़ दिया था. यह एक उपन्यास पर आधारित शो था, जिसको देवकीनंदन खत्री ने साल 1988 में लिखा था. इस शो में इरफान खान, पंकज धीर, शाहबाज खान जैसे तमाम बड़े एक्टर्स नजर आए थे. दर्शक आज भी इस सीरियल को और इसके पात्रों को याद करते हैं. हाल ही में शो में अहम किरदार निभाने वाले शाहबाज खान ने एनडीटीवी से बात की और पुराने दिनों को ताजा किया. क्या कहा उन्होंने, चलिए आपको बताते हैं.
रोमांटिक हीरो का किरदार
शाहबाज खान ने कहा कि सीरियल चंद्रकांता में मैंने पहली बार एक रोमांटिक हीरो का किरदार निभाया था. इससे पहले मैं वॉरियर और राजा जैसे किरदार करता रहा. 'चंद्रकांता' में मेरा निभाया हुआ किरदार दर्शकों को काफी पसंद आया. जब 90 के दशक में शो चंद्रकांता दूरदर्शन पर आया था, उस समय 'दूरदर्शन' ही सिर्फ एक चैनल था. जिसको दर्शक देखते थे. एक्टर्स जो टीवी पर काम करते थे, उनकी फैंस फॉलोइंग बहुत शानदार थी. उस वक्त टीवी एक्टर्स की पापुलैरिटी एक बॉलीवुड एक्टर के बराबर होती थी. लेकिन आज का समय बहुत बदल चुका है.
इन दिनों ओटीटी प्लेटफॉर्म और काफी चैनल्स दर्शकों के बीच में आ चुके हैं. अब ऑडियंस भी बंट चुकी है, लेकिन 90 का दशक तो कुछ और ही था. एक्टर ने आगे कहा कि जब मैंने शो चंद्रकांता किया था, उसका मेरा बहुत अच्छा एक्सपीरियंस रहा. क्योंकि मैंने शो में घुड़सवारी की, इसके अलावा हम बम फेंकते थे. क्योंकि उसमें मेरा एक वॉरियर किरदार था. शो चंद्रकांता का जो टाइटल सॉन्ग था, उसको दर्शक आज भी याद करते हैं. मेरी जो महिला फैंस थीं, वो मुझे चंद्रकांता के टाइटल सॉन्ग से ही जानती हैं. हमारे शूटिंग का हर दिन बहुत ही अलग और शानदार होता था. हमारी ऐसी काफी यादें है, जो एक बार बताने में खत्म नहीं होगी.
एक्टर ने आगे कहा कि बाद में चंद्रकांता के सीक्वल भी दर्शकों के सामने आए थे. बालाजी टेलीफिल्म्स ने भी चंद्रकांता का सीक्वल बनाया था. लेकिन वह शो नहीं चल पाया. क्योंकि पुरानी चीज पुरानी होती है. पुराने चंद्रकांता में काफी चीज मिलावटी थीं. पुराने चंद्रकांता की कास्ट ही अलग थी. दर्शकों ने पुराने चंद्रकांता में इरफान खान जैसे तमाम दिग्गज एक्टर्स को देखा था.
फिर से दर्शकों के बीच में आएगा?
एक्टर ने आगे कहा कि पुराना चंद्रकांता फिर से दूरदर्शन पर टेलीकास्ट होना चाहिए. लेकिन यह सब प्रोड्यूसर-डायरेक्टर नीरजा जी पर निर्भर करता है. क्योंकि नीरजा जी शो की डायरेक्टर- प्रोड्यूसर थीं. अगर वह चाहें तो फिर से चंद्रकांता 2 बना सकती हैं. हालांकि मेरी उम्र अब ज्यादा हो चुकी है तो मैं उस पुराने वाले किरदार में नहीं आ सकता. लेकिन मैं नए शो में एक पिता के किरदार में जरूर आ सकता हूं. अगर नीरजा जी चाहें तो इसको फिर से बना सकती हैं और शो फिर से अपना जादू बिखेर सकता है.