‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा' से घर-घर में पहचान बनाने वाले शैलेश लोढ़ा इन दिनों अपनी बेटी स्वरा लोढ़ा की शादी को लेकर चर्चा में हैं. जोधपुर के भव्य उम्मेद भवन पैलेस में आयोजित इस शाही समारोह को बेहद निजी रखा गया था, लेकिन अब शादी के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. इन वीडियो में परिवार के खूबसूरत लम्हों के साथ बॉलीवुड अभिनेता विक्की कौशल की मौजूदगी भी लोगों का ध्यान खींच रही है. शादी में विक्की न सिर्फ मेहमान के तौर पर पहुंचे, बल्कि पूरे समारोह के दौरान परिवार के साथ घुलते-मिलते और हर रस्म का हिस्सा बनते नजर आए. यही वजह है कि यह शादी अब इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गई है.
विक्की कौशल की मौजूदगी ने बटोरी सुर्खियां
वायरल वीडियो में विक्की कौशल सफेद शेरवानी जैकेट और काले ट्राउजर में बेहद शानदार अंदाज में नजर आ रहे हैं. समारोह में पहुंचते ही शैलेश लोढ़ा ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और परिवार के सदस्यों से मिलवाया. कई वीडियो में विक्की दूल्हा-दुल्हन के साथ समय बिताते, बारात का स्वागत करते और शादी की रस्मों का आनंद लेते दिखाई दे रहे हैं.
एक भावुक पल में वह शैलेश लोढ़ा की पगड़ी ठीक करते भी नजर आए. वहीं दुल्हन स्वरा को गले लगाकर बधाई देने का उनका अंदाज भी लोगों को खूब पसंद आया. वरमाला की रस्म के दौरान का शाही माहौल और सजावट भी सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींच रही है.
वीडियो देखकर फैंस ने पूछा- जेठालाल कहां हैं?
शादी के वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस लगातार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कई लोगों ने विक्की कौशल की सादगी और व्यवहार की तारीफ की. वहीं, कुछ यूजर्स ने ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के उनके पुराने साथी दिलीप जोशी को याद करते हुए सवाल किया कि आखिर जेठालाल इस शादी में क्यों नजर नहीं आए. किसी ने लिखा, “जेठालाल कहां हैं?”, तो किसी ने मजाकिया अंदाज में कहा, “परम मित्र मिसिंग हैं.”
शादी में सिर्फ फिल्म और टीवी जगत ही नहीं, बल्कि कई अन्य क्षेत्रों की हस्तियां भी शामिल हुईं. कवि कुमार विश्वास, योग गुरु बाबा रामदेव, पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी इस खास मौके का हिस्सा बने.
हाल ही में शैलेश लोढ़ा ने विक्की कौशल के साथ तस्वीर साझा करते हुए उनकी विनम्रता और मेहनत की दिल खोलकर तारीफ की थी. उन्होंने लिखा था कि अपार सफलता मिलने के बावजूद विक्की आज भी जमीन से जुड़े हुए इंसान हैं और यही बात उन्हें सबसे अलग बनाती है.