नेहरु की किताब पर बना दूरदर्शन का वो सीरियल, जिसके सिर्फ 53 एपिसोड में सिमटा 5000 साल का इतिहास, ओम पुरी ने निभाए 17 रोल

5000 साल के भारतीय इतिहास को सिर्फ 53 एपिसोड में दिखाने वाले इस दूरदर्शन शो की कहानी पंडित नेहरू की किताब से निकली थी. इस शो को बनाने के लिए 144 सेट लगाए गए थे.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
नेहरु की किताब पर बना था भारत एक खोज
Social Media

आज ओटीटी पर ‘द एम्पायर', ‘ताज: डिवाइडेड बाय ब्लड' और ‘फ्रीडम एट मिडनाइट' जैसी सीरीज इतिहास को बड़े पैमाने पर पर्दे पर पेश कर रही हैं. लेकिन इनसे कई साल पहले दूरदर्शन ने एक ऐसा ऐतिहासिक धारावाहिक दर्शकों को दिया था, जिसने भारत की सभ्यता और इतिहास को बेहद रोचक अंदाज में घर-घर पहुंचाया. साल 1988 में प्रसारित ‘भारत एक खोज' श्याम बेनेगल के निर्देशन में बना था और यह जवाहरलाल नेहरू की प्रसिद्ध किताब ‘द डिस्कवरी ऑफ इंडिया' पर आधारित था. खास बात यह है कि नेहरू ने यह किताब जेल में रहते हुए लिखी थी. 53 एपिसोड वाले इस धारावाहिक में सिंधु घाटी सभ्यता से लेकर भारत की आजादी तक की पूरी यात्रा को नाटकीय शैली में दिखाया गया.

एक शो में जुटे थे भारतीय सिनेमा के कई बड़े सितारे

‘भारत एक खोज' की सबसे बड़ी खासियत इसकी दमदार स्टारकास्ट थी. इस सीरियल में नसीरुद्दीन शाह, ओम पुरी, रोशन सेठ, टॉम ऑल्टर, कुलभूषण खरबंदा, रजित कपूर, पंकज बेरी, इला अरुण, के.के. रैना, अंजन श्रीवास्तव और सदाशिव अमरापुरकर जैसे कई दिग्गज कलाकार नजर आए. दिलचस्प बात यह भी थी कि उस दौर में अपने करियर की शुरुआत कर रहे इरफान खान भी इस सीरियल का हिस्सा थे. आगे चलकर उन्होंने भारतीय सिनेमा के साथ-साथ हॉलीवुड में भी अपनी अलग पहचान बनाई.

हर एपिसोड में खुलता था इतिहास का नया पन्ना

यह धारावाहिक किसी एक किरदार की कहानी नहीं था, बल्कि हर एपिसोड भारत के इतिहास के अलग दौर को सामने लाता था. दर्शकों को कभी मौर्य साम्राज्य की झलक मिलती थी तो कभी मुगल शासन, भक्ति आंदोलन और स्वतंत्रता संग्राम की कहानी देखने को मिलती थी. रोशन सेठ ने पूरे शो में जवाहरलाल नेहरू का किरदार निभाया और सूत्रधार के रूप में इतिहास की इस यात्रा को आगे बढ़ाया. वहीं नसीरुद्दीन शाह छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका में नजर आए, जबकि ओम पुरी ने रावण, दुर्योधन, औरंगजेब समेत कई अलग-अलग ऐतिहासिक और पौराणिक किरदार निभाकर अपनी अभिनय प्रतिभा का शानदार परिचय दिया.

आज भी भारतीय टेलीविजन के क्लासिक शो में होती है गिनती

प्रसारण के कई दशक बाद भी ‘भारत एक खोज' को भारतीय टेलीविजन के सबसे बेहतरीन ऐतिहासिक धारावाहिकों में शामिल किया जाता है. इस शो ने इतिहास, साहित्य और अभिनय का ऐसा मेल पेश किया, जिसने दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ-साथ उन्हें भारत की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से भी परिचित कराया. यही वजह है कि आज भी इसे दूरदर्शन के सबसे यादगार और प्रभावशाली धारावाहिकों में गिना जाता है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: 103 डिग्री बुखार, मूसलाधार बारिश और श्रीदेवी की दिलकश अदाएं, 37 साल पुराने इस गीत पर आज भी फिदा हैं लोग

Featured Video Of The Day
नीट पेपर लीक पर CBI की चार्जशीट में कौन-कौन से खुलासे हुए?
Topics mentioned in this article
Doordarshan
Bharat Ek Khoj
Television
Entertainment