एकता कपूर का करोड़ों में हैं नेटवर्थ, कहलाती हैं टीवी की शोमैन, तीन दशक से करती हैं राज

एकता कपूर अपना 51वां जन्मदिन मना रही हैं, जिन्हें छोटे पर्दे की 'शोमैन' कहा जाता है और तीन दशक से एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री पर राज कर रही हैं. 

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
एकता कपूर मना रही हैं 51वां जन्मदिन
नई दिल्ली:

भारतीय टेलीविजन की बात हो और एकता कपूर का नाम न आए, ऐसा शायद ही कभी हो. पिछले तीन दशकों में अगर किसी एक शख्स ने छोटे पर्दे की दुनिया को सबसे ज्यादा प्रभावित किया है, तो वह हैं एकता कपूर. उन्हें यूं ही 'कंटेंट क्वीन' नहीं कहा जाता. उन्होंने सिर्फ टीवी शो नहीं बनाए, बल्कि ऐसे किरदार, कहानियां और ट्रेंड्स गढ़े जो लोगों की जिंदगी और बातचीत का हिस्सा बन गए. 7 जून 1975 को जन्मीं एकता कपूर ने उस दौर में टेलीविजन की दुनिया में कदम रखा, जब मनोरंजन के विकल्प बेहद सीमित थे लेकिन उन्होंने भारतीय दर्शकों की नब्ज को जिस तरह समझा, उसने उन्हें बाकी निर्माताओं से अलग खड़ा कर दिया. उनकी कंपनी बालाजी टेलीफिल्म्स ने भारतीय टेलीविजन को ऐसे शो दिए, जिन्होंने टीआरपी के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए और घर-घर में अपनी पहचान बनाई. 

एकता कपूर का नेटवर्थ

सुपरस्टार जितेंद्र की विरासत को आगे बढ़ा रहीं एकता कपूर ने इंडस्ट्री में खुद अपना नाम कमाया है. वहीं रिपोर्ट्स के अनुसार, वह करोड़ों की मालकिन है. जबकि नेटवर्थ 95 करोड़ है. इसके अलावा उनकी सालाना कमाई 30 करोड़ की है. एकता कपूर के पास जगुआर, मर्सिडीज बेंज जैसी महंगी महंगी गाड़िया हैं. पर्सनल लाइफ की बात करें तो एकता कपूर ने शादी नहीं की है. जबकि वह एक बेटे की मां हैं, जिन्हें उन्होंने गोद लिया है. 

सीरियल के कारण हुई चर्चा

एकता कपूर के धारावाहिकों के किरदार इतने लोकप्रिय हुए कि लोग उन्हें अपने परिवार का हिस्सा मानने लगे. इसका सबसे बड़ा उदाहरण था 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' में मिहिर विरानी की मौत. यह सिर्फ एक कहानी का मोड़ नहीं था, बल्कि एक राष्ट्रीय घटना बन गई थी. दर्शकों ने विरोध किया, भावुक हुए और आखिरकार शो के निर्माताओं को मिहिर को वापस लाना पड़ा. यह भारतीय टेलीविजन के इतिहास के सबसे चर्चित पलों में से एक बन गया.  इसी तरह 'कसौटी जिंदगी की' की कोमोलिका को कौन भूल सकता है? उर्वशी ढोलकिया का यह किरदार सिर्फ एक खलनायिका का नहीं था, बल्कि एक पॉप कल्चर आइकॉन बन गया. उनकी स्टाइलिश बिंदी, ड्रामैटिक एंट्री और बैकग्राउंड म्यूजिक ने ऐसा असर छोड़ा कि आज भी कोमोलिका का नाम लेते ही वह छवि आंखों के सामने आ जाती है. 

Advertisement

ये भी पढ़ें- सेक्सुअल हरैसमेंट क्या होता है? विवादों के बीच शिल्पा शिंदे ने दिया ट्रोल्स को जवाब, कहा- मुझे यूट्यूब शुरू करना पड़ेगा

नागिन से सुपरनेचुरल शोज का दौर किया शुरू

एकता कपूर ने सिर्फ ड्रामा नहीं रचा, बल्कि ट्रेंड भी बनाए. 'कुटुंब' और 'कहीं तो होगा' जैसे शोज ने रोमांस को नए अंदाज में पेश किया. ऑफिस रोमांस की कहानियों ने युवाओं के बीच एक नया क्रेज पैदा किया. वहीं 'नागिन' के जरिए उन्होंने सुपरनेचुरल फिक्शन को मुख्यधारा में ला खड़ा किया. मौनी रॉय का इच्छाधारी नागिन वाला किरदार इतना लोकप्रिय हुआ कि यह शो भारतीय टेलीविजन की सबसे सफल फ्रेंचाइजी में शामिल हो गया. 

Advertisement

नए एक्टर्स को दिया मौका

एकता कपूर की सफलता सिर्फ उनके शोज तक सीमित नहीं है. उन्हें इंडस्ट्री की सबसे बेहतरीन 'टैलेंट स्पॉटर' भी माना जाता है. उन्होंने कई ऐसे कलाकारों को मौका दिया, जो आगे चलकर बड़े सितारे बने. विद्या बालन को शुरुआती पहचान 'हम पांच' से मिली. आज वही विद्या भारतीय सिनेमा की सबसे सम्मानित अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं. दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत को भी घर-घर तक पहुंचाने का श्रेय काफी हद तक एकता कपूर को जाता है. 'पवित्र रिश्ता' के मानव के रूप में उन्होंने करोड़ों दर्शकों का दिल जीता और यहीं से उनके फिल्मी करियर की मजबूत नींव पड़ी. इसी तरह मौनी रॉय, प्राची देसाई, अनीता हसनंदानी, राधिका मदान और कई अन्य कलाकारों को भी एकता कपूर के मंच से पहचान मिली. यही वजह है कि इंडस्ट्री में उन्हें सिर्फ निर्माता नहीं, बल्कि 'स्टारमेकर' भी कहा जाता है. 

एकता कपूर ने कमाया नाम

एकता कपूर की एक और खासियत यह रही कि उन्होंने समय के साथ खुद को लगातार बदला. जब टीवी का दौर चरम पर था, तब उन्होंने छोटे पर्दे पर राज किया और जब डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का दौर आया तो उन्होंने वेब कंटेंट की दुनिया में भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई. वह दर्शकों की बदलते पसंद को समझती रही और उसी के अनुसार कंटेंट तैयार करती रही. उनकी मेहनत और योगदान को देश-दुनिया में कई बड़े सम्मान मिले हैं. पद्म श्री के साथ ही एकता कपूर को बिजनेस, मीडिया और मनोरंजन जगत के कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है. 

ये भी पढ़ें- दूरदर्शन के दर्शकों ने बनाया एक्टर को परमानेंट, जिसका शक्तिमान में था 4 एपिसोड का रोल, बोला- वह एपिसोड हिट था

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
Featured Video Of The Day
लालू-राबड़ी आवास पर हाई-वोल्टेज ड्रामा
Topics mentioned in this article