दूरदर्शन का 29 साल पुराना शो, मुस्लिम एक्टर बने थे राम, जिसने दिलाई इरफान खान, रवि किशन को पहचान, IMDb रेटिंग आज भी 8.9

90 के दशक में आए धार्मिक धारावाहिक ‘जय हनुमान’ की कहानी तो खास थी ही, इसकी स्टारकास्ट भी बेहद दिलचस्प थी. मुस्लिम डायरेक्टर संजय खान के निर्देशन में बने इस शो में मुस्लिम अभिनेता सिराज मुस्तफा खान ने श्रीराम और इरफान खान ने महर्षि वाल्मीकि का किरदार निभाया था.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
दूरदर्शन पर खूब पॉपुलर हुआ था 90s का शो जय हनुमान

भारतीय टेलीविजन के इतिहास में धार्मिक धारावाहिकों की एक खास जगह रही है. जब भी पौराणिक शोज का जिक्र होता है, तो रामानंद सागर की ‘रामायण', बीआर चोपड़ा की ‘महाभारत' और ‘श्री कृष्ण' जैसे लोकप्रिय सीरियल याद आ जाते हैं. हालांकि, 90 के दशक में एक ऐसा धार्मिक शो भी आया था, जिसने अपनी अलग पहचान बनाई. खास बात यह थी कि भगवान हनुमान के जीवन पर आधारित इस सीरियल का निर्देशन एक मुस्लिम फिल्ममेकर ने किया था. इतना ही नहीं, इसमें श्रीराम की भूमिका भी एक मुस्लिम अभिनेता ने निभाई थी. वहीं, बॉलीवुड के दिवंगत अभिनेता इरफान खान भी इस शो का अहम हिस्सा थे.

1997 में टीवी पर शुरू हुआ था ‘जय हनुमान'

हम बात कर रहे हैं साल 1997 में डीडी नेशनल पर प्रसारित हुए धार्मिक धारावाहिक ‘जय हनुमान' की. इस सीरियल का निर्देशन अभिनेता और फिल्ममेकर संजय खान ने किया था. उस दौर में इस शो को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था. इसकी कहानी भगवान हनुमान के जीवन और उनकी श्रीराम के प्रति अटूट भक्ति के इर्द-गिर्द बुनी गई थी. शो में सिराज मुस्तफा खान ने भगवान श्रीराम की भूमिका निभाकर दर्शकों का ध्यान खींचा था.

इरफान खान से लेकर रवि किशन तक आए नजर

‘जय हनुमान' की खासियत सिर्फ इसकी कहानी ही नहीं, बल्कि इसकी दमदार स्टारकास्ट भी थी. हिंदी सिनेमा में अपनी शानदार अदाकारी के लिए मशहूर रहे इरफान खान ने इस सीरियल में महर्षि वाल्मीकि का किरदार निभाया था. वहीं, भोजपुरी और हिंदी सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता रवि किशन भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका में नजर आए थे. धारावाहिक में हनुमान जी का मुख्य किरदार राज प्रेमी ने निभाया था.

हनुमान जी के जन्म से लेकर श्रीराम की भक्ति तक दिखाई गई कहानी

कुल 178 एपिसोड वाले इस धारावाहिक में हनुमान जी के जन्म, बचपन, उनकी शक्तियों और भगवान श्रीराम के प्रति समर्पण की कहानी दिखाई गई थी. इसमें बाल हनुमान की शरारतों से लेकर उनके ज्ञान, पराक्रम और युद्ध कौशल सीखने तक के सफर को विस्तार से पेश किया गया.

Advertisement

कहानी में त्रेतायुग के दौरान रावण के बढ़ते अत्याचारों और भगवान श्रीराम के अवतार की घटनाओं को भी जगह दी गई. आगे चलकर हनुमान जी की श्रीराम से मुलाकात होती है और वह उनके परम भक्त बन जाते हैं. सीता माता की खोज के लिए समुद्र लांघने से लेकर लंका में राक्षसों का सामना करने तक, उनके कई वीरतापूर्ण प्रसंग दिखाए गए. राम-रावण युद्ध में भी हनुमान जी की अहम भूमिका को पर्दे पर उतारा गया.

बाद में सोनी टीवी पर भी हुआ प्रसारण

‘जय हनुमान' का पहला प्रसारण 1997 में डीडी नेशनल पर हुआ था. बाद में साल 2008 में इस धारावाहिक को सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर भी प्रसारित किया गया. आज भी 90 के दशक के पौराणिक धारावाहिकों की चर्चा होती है, तो ‘जय हनुमान' अपनी अनूठी स्टारकास्ट और कहानी की वजह से याद किया जाता है.

Advertisement

ये भी पढ़ें: माधुरी दीक्षित का बेमिसाल जादू और लता मंगेशकर की मिठास, 29 साल बाद भी सुपरहिट है ये गाना, 90s में गली-गली मचाई थी धूम

Featured Video Of The Day
Maharashtra Politics : NCP के विलय को लेकर Supriya Sule का चौंकाने वाला बयान!
Topics mentioned in this article
Jai Hanuman
Doordarshan
Entertainment
Television

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं