‘खिचड़ी' और ‘साराभाई वर्सेस साराभाई' जैसे कल्ट कॉमेडी शोज देने वाली जोड़ी आतिश कपाड़िया और JD Majethia एक बार फिर पड़ोसियों की मजेदार दुनिया लेकर आई है. उनकी नई सीरीज ‘चुंबक' 10 सितंबर 2026 को Netflix पर रिलीज हुई है. शो में पांच परिवारों की कहानी है, जिनके घर अलग हैं लेकिन जिंदगी एक-दूसरे से इतनी जुड़ी है कि एक घर की परेशानी पूरे मोहल्ले का मामला बन जाती है. नेटफ्लिक्स के मुताबिक यह 16 एपिसोड की सीरीज है और सभी एपिसोड प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं. नेना गुप्ता, देवेन भोजानी, मानसी पारेख, सुमित व्यास और कई कलाकार इसमें अहम भूमिकाओं में हैं.
‘खिचड़ी' और ‘साराभाई' वाले मेकर्स फिर लाए पड़ोस की कहानी
‘चुंबक' को हैट्स ऑफ प्रोडक्शन ने बनाया है. इसके क्रिएटर आतिश कपाड़िया और जमनादास (JD) मजेथिया हैं, जो इससे पहले ‘खिचड़ी' और ‘साराभाई वर्सेस साराभाई' जैसी यादगार कॉमेडी के लिए जाने जाते हैं. नेटफ्लिक्स ने भी शो को इन्हीं कल्ट कॉमेडी के मेकर्स की नई पेशकश बताया है. कहानी मुंबई की एक कॉलोनी के पांच परिवारों के इर्द-गिर्द घूमती है. यहां पड़ोसी सिर्फ पड़ोसी नहीं रहते, बल्कि एक-दूसरे की जिंदगी का हिस्सा बन जाते हैं. किसी के घर में छोटी सी बात हो, तो उसका असर पूरे मोहल्ले में दिखाई देने लगता है. यही रोजमर्रा की उलझनें शो में कॉमेडी का आधार बनती हैं.
ये Video भी देखें: Haiwaan Review: अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी का कमाल या निराशा?
नीना गुप्ता से लेकर अर्जुन बिजलानी तक, बड़ी स्टारकास्ट
‘चुंबक' में नीना गुप्ता और देवेन भोजानी राजनी और कुकू मर्चेंट की भूमिका में हैं. इनके अलावा मानसी पारेख, सुमीत व्यास, सुमीत राघवन, संदीपा धर, अर्जुन बिजलानी, हेली शाह, अनंत जोशी, अमायरा दस्तूर, डेलनाज ईरानी और अतुल कुमार जैसे कलाकार भी शो का हिस्सा हैं. अर्जुन बिजलानी और हेली शाह शो में मिकी और ट्विंकल ओबेरॉय का किरदार निभा रहे हैं, जबकि सुमीत व्यास और मानसी पारेख आदित्य और प्रियंका खन्ना बने हैं. अलग-अलग परिवारों के रिश्ते और उनकी छोटी-बड़ी परेशानियां कहानी को आगे बढ़ाती हैं.
16 एपिसोड की पूरी सीरीज, IMDb पर 6.8 रेटिंग
इस शो की IMDb रेटिंग फिलहाल 6.8/10 है और यह रेटिंग लगातार बदल सकती है क्योंकि सीरीज नई रिलीज हुई है. ‘चुंबक' को हल्की-फुल्की, फैमिली और पड़ोस की रोजमर्रा की जिंदगी वाली कॉमेडी पसंद करने वालों के लिए बनाया गया है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यही है कि कहानी में बड़े ड्रामे के बजाय उन छोटी-छोटी बातों से हंसी पैदा की गई है, जिन्हें भारतीय परिवार और पड़ोसी आसानी से खुद से जोड़ सकते हैं.