उमर को शानदार गेंदबाजी के लिए मैन आफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ ही पाकिस्तान क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर गया।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
पालेकेले:
आईसीसी विश्व कप-2011 के अंतर्गत पालेकेले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में सोमवार को खेले गए ग्रुप 'ए' एक मुकाबले में पाकिस्तान ने जिम्बाब्वे को सात विकेट से पराजित कर दिया। उमर गुल को शानदार गेंदबाजी 36 रन देकर तीन विकेट हासिल करने के लिए मैन आफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ ही पाकिस्तान क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर गया। मैच के बाद पाकिस्तान के कप्तान शाहिद अफरीदी ने कहा कि गेंदबाजी में हमारी शुरुआत अच्छी रही। उमर गुल और रज्जाक के बाद स्पिनर्स ने भी अच्छी गेंदबाजी की। शफीक ने जबरदस्त बल्लेबाजी की, हफीज का फार्म में लौटना भी अच्छा रहा। जिम्बाब्वे के कप्तान एल्टन चिगुम्बुरा ने कहा कि हमने शुरुआत में ज्यादा विकेट गंवा दिए। इसके बाद मैच में वापसी करना मुश्किल था। बारिश ने भी हमारा लय बिगाड़ दिया। बारिश से बाधित मैच में जिम्बाव्बे की पारी को 39.4 ओवरों में सात विकेट पर 151 रनों पर समाप्त घोषित कर दिया गया और पाकिस्तान को 38 ओवरों में 162 रन बनाने का संशोधित लक्ष्य मिला। पाकिस्तान ने 34.1 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 164 रन बना लिए। पाकिस्तान की ओर से असद शफीक ने शानदार 78 रन बनाए। उन्होंने 97 गेंदों में सात चौके लगाए। इसके अलावा मोहम्मद हफीज ने 49 रनों की उपयोगी पारी खेली। पाकिस्तान की शुरुआत हालांकि खराब रही और चौथे ही ओवर में 17 रन के कुल योग पर उसे पहला झटका लगा जब अहमद शहजाद 8 रन बनाकर पेवेलियन लौट गए। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए मोहम्मद हफीज और असद शफीक ने 82 रनों की साझेदारी कर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया। हफीज ने 65 गेंदों में छह चौके की मदद से 49 रन बनाए। इसके बाद शाहिद अफरीदी सस्ते में निपट गए। वह तीन रन बनाकर पेवेलियन लौट गए। यूनिस खान 13 रन बनाकर नाबाद रहे। जिम्बाब्वे की ओर से रे प्राइस को दो विकेट मिला जबकि उत्सेया को एक विकेट हासिल हुआ। पाकिस्तानी टीम को जीत के लिए 38 ओवरों में 162 रनों का संशोधित लक्ष्य दिया गया। दो बार बारिश के कारण बाधा आने के बाद यह लक्ष्य डकवर्थ-लेविस नियम के आधार पर तय किया गया। पालेकेले में भारी बारिश के कारण दो बार खेल में व्यवधान उत्पन्न हुआ। जिम्बाब्वे की पारी के दौरान पहली बार बारिश 28वें ओवर में आई थी। खेल शुरू होने पर मैच को 43-43 ओवरों का कर दिया गया था लेकिन दूसरी बार 40वें ओवर के दौरान आई बारिश के बाद जिम्बाव्बे की पारी को 39.4 ओवरों में सात विकेट पर 151 रनों पर समाप्त घोषित कर दिया गया और पाकिस्तान को 38 ओवरों में 162 रन बनाने का संशोधित लक्ष्य मिला। पहली बार खेल रोके जाने तक जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 27.2 ओवरों में छह विकेट पर 96 रन बनाए थे। क्रेग एर्विन 74 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 48 रन बनाकर नाबाद थे जबकि कप्तान एल्टन चिगुम्बुरा तीन रन बनाकर उनका साथ दे रहे थे। दोबारा खेल शुरू होने के बाद एर्विन 52 रन बनाने के बाद पेवेलियन लौट गए। उन्होंने कप्तान के साथ छठे विकेट के लिए 19 रन जोड़े। इसके बाद कप्तान और प्रॉस्पर उत्सेया (18) ने सातवें विकेट के लिए 61 गेंदों पर 48 रन जोड़े। उत्सेया ने 32 गेंदों का सामना किया। उनका विकेट 151 रन पर गिरा। दूसरी ओर कप्तान चिगुम्बुरा 46 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 32 रन बनाने के बाद नाबाद लौटे। पाकिस्तान की ओर से उमर गुल ने तीन विकेट झटके जबकि शाहिद अफरीदी, अब्दुल रज्जाक, वहाब रियाज और मोहम्मद हफीज को एक-एक सफलता मिली। पाकिस्तान ने 43 रन के कुल योग पर ही जिम्बाब्वे के चार बल्लेबाजों को पेवेलियन लौटा दिया था। इसके बाद एर्विन और ग्रेग लैम्ब ने पांचवें विकेट के लिए 41 रन जोड़कर स्थिति को सम्भालने का प्रयास किया लेकिन कप्तान शाहिद अफरीदी ने 84 रन के कुल योग पर इस साझेदारी को तोड़ दिया। म्ब ने 28 गेंदों पर एक चौके की सहायता से 16 रन बनाए। जिम्बाब्वे ने लैम्ब से पहले ब्रेंडन टेलर (4), रेगिस चाकाब्वा (0), तातेंदा ताएबू (19) और विशू सिबांडा (5) के विकेट गंवाए थे। ताएबू ने अपनी 29 गेंदों की में दो चौके लगाए। जिम्बाब्वे ने अब तक चार मुकाबले खेले हैं जिनमें एक में उसे जीत मिली है जबकि तीन मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। जिम्बाब्वे दो अंक लेकर अपने ग्रुप में पांचवें स्थान पर है। पाकिस्तान ने अब तक चार मुकाबले खेले हैं जिसमें तीन में उसे जीत मिली है जबकि एक मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा है। छह अंकों के साथ पाकिस्तान अपने ग्रुप में चौथे स्थान पर है और उसका नेट रनरेट +0.760 है। इस मुकाबले को जीतकर पाकिस्तान ने क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चत कर ली है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
जिम्बाब्वे, टॉस, बल्लेबाजी