ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत में अहम भूमिका निभाने वाले युवराज का पूरा ध्यान अब चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मुकाबले पर है।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
अहमदाबाद:
विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले स्टार बल्लेबाज युवराज सिंह का अब पूरा ध्यान चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले सेमीफाइनल मुकाबले पर है। मोहाली में 30 मार्च को होने वाले इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले के बारे में युवराज का कहना है कि यह मुकबला बराबरी का होगा और इस मैच में खेलना सपना साकार होने जैसा है। युवराज ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में दो विकेट चटकाने के बाद नाबाद अर्द्धशतक लगाया और टीम को पांच विकेट से जीत दिलाई। इसी के साथ युवराज विश्व कप में लगातार चौथी बार मैन ऑफ द मैच बने। युवराज ने मैच के बाद कहा, भारत-ऑस्ट्रेलिया मैच के बाद भारत-पाकिस्तान मैच एक और सपना साकार होने जैसा रहने वाला है। भारत के लिए जीत शानदार रही। हम पाकिस्तान के खिलाफ अपनी सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलेंगे। वे हमारे खेल के बारे में जानते हैं, हम उनके बारे में जानते हैं, दोनों टीमें बराबरी की हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में अब तक काफी अच्छा प्रदर्शन किया है और वेस्टइंडीज तथा ऑस्ट्रेलिया को हराया है। उन्होंने कहा, हम अभी पाकिस्तान के खिलाफ मैच के बारे में नहीं सोचना चाहते हैं। यह (ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ) हमारे लिए काफी दबाव वाला मैच रहा है और हम काफी थक चुके हैं। हम एक-दो दिन आराम करना पसंद करेंगे और उसके बाद पाकिस्तान मैच के लिए योजना बनाएंगे।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
सपना, भारत, पाक, सेमीफाइनल