धोनी ने कहा कि वेस्टइंडीज के साथ रविवार को होने वाले अंतिम लीग मैच में सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग का खेलना तय नहीं है।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
New Delhi:
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने शनिवार को कहा कि वेस्टइंडीज के साथ रविवार को चिदम्बरम स्टेडियम में होने वाले अंतिम लीग मैच में सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग का खेलना तय नहीं है। कप्तान ने यह भी संकेत दिया कि इस मैच में रविचंद्रन अश्विन और सुरेश रैना को मौका मिल सकता है। धोनी ने ग्रुप 'बी' के अपने मुकाबले से पहले आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सहवाग टीम की फिजियो की देखरेख में सुधार कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं, आशा है कि उनके घुटने की चोट समय रहते ठीक हो जाएगी। बकौल धोनी, "सहवाग वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलेंगे या नहीं, इसका फैसला रविवार को मैच से पहले हो सकेगा। हमारे फिजियो नितिन पटेल उनकी चोट का ध्यान रख रहे हैं। हम आशा करते हैं कि वह जरूर खेलेंगे लेकिन क्वार्टर फाइनल स्टेज को देखते हुए हम उन्हें लेकर किसी प्रकार की जल्दबाजी नहीं करना चाहते।" घुटने की चोट के कारण सहवाग ने दक्षिण अफ्रीका के साथ बीते रविवार को खेले गए ग्रुप मैच के बाद से अभ्यास नहीं किया है। उन्होंने हालांकि शुक्रवार शाम को अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया लेकिन बल्लेबाजी के दौरान वह सहज नजर नहीं आए। इसे देखते हुए सहवाग के रविवार को खेलने पर प्रश्नचिन्ह लग गया है। धोनी ने कहा कि टीम इंडिया वेस्टइंडीज के साथ भिड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। कप्तान ने यह भी कहा कि चूंकि यह भारत का अंतिम लीग मैच है, लिहाजा टीम प्रबंधन चाहेगा कि क्वार्टर फाइनल स्तर में पहुंचने से पहले टीम में शामिल सभी खिलाड़ियों को कम से कम एक मैच खेलने का मौका मिल जाए। धोनी ने कहा, "हम चाहते हैं कि क्वार्टर फाइनल में जाने से पहले सभी खिलाड़ी कम से कम एक-एक मैच जरूर खेल लें। हमारे लिए यह जरूरी है। टीम संयोजन क्या होगा, यह रविवार को ही पता चल सकेगा।" धोनी के इस बयान के बाद यह आशा की जा रही है कि स्पिनर अश्विन और मध्यक्रम के बल्लेबाज रैना को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलने का मौका मिल सकता है। यही दो ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें अब तक एक भी मैच में नहीं खिलाया गया है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
वीरेन्द्र सहवाग, मैच, चोट