विज्ञापन
This Article is From Mar 11, 2011

साइना ऑल इंग्लैंड चैम्पियनशिप के क्वार्टरफाइनल में

साइना अब इस टूर्नामेंट में एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं क्योंकि सभी हमवतन खिलाड़ी अपनी अपनी स्पर्धाओं से बाहर हो गए हैं।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
बर्मिंघम: खिताब की प्रबल दावेदार भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने आल इंग्लैंड बैडमिंटन चैम्पियनशिप के महिला वर्ग में चीनी ताइपे की प्रतिद्वंद्वी पर सीधे सेटों में जीत दर्ज कर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। पांचवीं वरीयता प्राप्त साइना ने दूसरे राउंड के मैच में गैर वरीय जू यिंग ताई को 30 मिनट में 21-17, 21-17 से परास्त किया। क्वार्टरफाइनल में उनका सामना जापान की एरिको हिरोसे से होगा जिन्होंने बीती रात दूसरे राउंड के अन्य मैच में थाईलैंड की सलाकजीत पोनसाना को 21-13, 18-21, 21-13 से हराया था। साइना ने अपने बेहतरीन स्मैश की बदौलत प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी पर दबदबा बनाया और दोनों सेटों में मिली कड़ी चुनौती से पार करते हुए जीत दर्ज की। पहला सेट बराबरी का रहा, जिसमें दोनों 8-8 से बराबरी के बाद 14-14 से बराबर हो गईं। लेकिन इसके बाद साइना ने लगातार पांच अंक अपने नाम कर स्कोर 19-14 करके पहला गेम आसानी से जीत लिया। दूसरे सेट में भी चीनी ताइपे की खिलाड़ी ने कड़ी चुनौती पेश की, दोनों 17-17 से बराबर थीं। साइना ने इसके बाद लगातार चार अंक हासिल कर बढ़त बनाई और मैच अपने नाम किया। साइना अब इस टूर्नामेंट में एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं क्योंकि सभी हमवतन खिलाड़ी अपनी अपनी स्पर्धाओं से बाहर हो गए हैं।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
साइना, ऑल इंग्लैंड चैम्पियनशिप, क्वार्टरफाइनल
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com