पहले बल्लेबाजी के लिए भेजी गई दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 5 विकेट पर 251 रन बनाए जिसके जवाब में डच टीम 34.5 ओवर में 120 रन पर सिमट गई।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
मोहाली:
हाशिम अमला और एबी डिविलियर्स के शतकीय प्रहारों के बाद गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने विश्व कप ग्रुप बी के मैच में आज हालैंड को 231 रन से हराकर अपना अजेय अभियान कायम रखा। विश्व कप के इतिहास में यह चौथी सबसे बड़ी हार भी है। पहले बल्लेबाजी के लिए भेजी गई दक्षिण अफ्रीकी टीम ने पांच विकेट पर 251 रन बनाए जिसके जवाब में डच टीम 34.5 ओवर में 120 रन पर सिमट गई। पाकिस्तानी मूल के दक्षिण अफ्रीकी स्पिनर इमरान ताहिर ने 19 रन देकर तीन विकेट लिये जबकि जाक कैलिस और रोबिन पीटरसन को दो दो विकेट मिले। इससे पहले अमला :113: और डिविलियर्स :134: ने तीसरे विकेट के लिये 221 रन जोड़कर दक्षिण अफ्रीका को शानदार स्कोर की ओर बढ़ाया। दक्षिण अफ्रीका के लिये वनडे क्रिकेट में तीसरे विकेट के लिये यह सबसे बड़ी साझेदारी भी रही। जेपी डुमिनी ने 15 गेंद में 40 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलकर टीम को 350 रन तक पहुंचाया। अमला ने अपनी पारी में 130 गेंद खेली और आठ चौके लगाये जबकि डिविलियर्स अधिक आक्रामक रहे। उन्होंने सिर्फ 98 गेंद में 13 चौकों और चार छक्कों की मदद से ये रन जोड़े। शुरूआत में असहज दिखे अमला ने आठवां वनडे शतक जमाया जबकि डिविलियर्स पहली गेंद से ही जबर्दस्त फार्म में नजर आये। उन्होंने चौकों छक्कों की बौछार करके पीसीए स्टेडियम में बेहद कम तादाद में जुटे दर्शकों का मनोरंजन किया। इसमें बर्नार्ड लूट्स को लगाये लगातार तीन छक्के शामिल थे। डुमिनी ने रियान टेन डोइशे द्वारा फेंके गए पारी के आखिरी ओवर में दो छक्के जड़ते हुए 20 रन बनाये। मंगलवार की शाम को हुई भारी बारिश के बाद डच कप्तान पीटर बोरेन ने टास जीतने के बाद पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। हालैंड के गेंदबाजों ने शुरूआती ओवरों में अच्छी गेंदबाजी करके कप्तान के फैसले को सही साबित करने की कोशिश की। नयी गेंद संभालने वाले बेरेंड वेस्टजिक और मुदस्सर बुखारी ने अच्छी लाइन और लैंग्थ से गेंदबाजी की। दक्षिण अफ्रीकी कप्तान ग्रीम स्मिथ और अमला के लिये नैसर्गिक शाट खेलना मुश्किल हो गया। टेन डोइशे और लूट्स ने भी उनका बखूबी साथ दिया जिससे दक्षिण अफ्रीका के 50 रन 12.1 ओवर में बन सके। स्मिथ 32 गेंद में 20 रन बनाकर लूट्स का शिकार हुए। वहीं टेन डोइशे ने अनुभवी जाक कैलिस :दो: को पवेलियन भेजा जिन्होंने विकेट के पीछे वेसले बारेसी को कैच थमाया। दक्षिण अफ्रीका के दो विकेट 58 रन पर गिर गए। अमला ने जीवनदानों का पूरा फायदा उठाकर डिविलियर्स के साथ पारी को आगे बढ़ाया। अमला ने अपना शतक 121 गेंद में पूरा किया। दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 41 ओवर के बाद दो विकेट पर 218 रन था जब उसने बल्लेबाजी पावरप्ले लेने का फैसला किया। इसमें 69 रन बने। डिविलियर्स ने 11वां वनडे शतक सिर्फ 88 गेंद पर पूरा किया जिसमें दस चौके और एक छक्का शामिल था। इसके बाद कोई समय गंवाये बिना उन्होंने लूट्स को पहली तीन गेंद पर तीन छक्के लगाये। इस ओवर में 25 रन बने। अमला और डिविलियर्स के आउट होने के बाद डुमिनी ने आक्रमण जारी रखा। हालैंड के लिये टेन डोइशे ने तीन विकेट लिये लेकिन वह काफी महंगे भी साबित हुए। जवाब में हालैंड की शुरूआत बेहद खराब रही। उसके विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे और कोई बड़ी साझेदारी नहीं बन पाई। विकेटकीपर वेसले बारेसी ने सर्वाधिक 44 रन बनाये जिसके लिये उन्होंने 66 गेंद का सामना किया। करीब डेढ घंटे क्रीज पर रहे बारेसी ने डुमिनी की गेंद पर आगे निकलकर खेलने की कोशिश की लेकिन चूके और वान विक ने कुशल स्टम्पिंग का नमूना पेश किया। दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों के आतंक का आलम यह था कि हालैंड के छह बल्लेबाज दोहरे अंक तक भी नहीं पहुंच सके। इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच में शतक जमाने वाले रियान टेन डोइशे लगातार दूसरे मैच में नाकाम रहे और डेल स्टेन की गेंद पर पगबाधा आउट होकर लौटे। उन्होंने सिर्फ 11 रन बनाये। लगातार तीन मैच हारने के बाद हालैंड क्वार्टर फाइनल की दौड़ से लगभग बाहर हो गया है जबकि पहले मैच में वेस्टइंडीज को हराने वाले दक्षिण अफ्रीका की यह दूसरी जीत है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
द अफ्रीका, मुकाबला, वर्ल्ड कप