विज्ञापन
This Article is From Jan 07, 2017

पीडब्ल्यूएल : साक्षी मलिक जीतीं, लेकिन उनके मंगेतर और टीम हारी, जयपुर ने दिल्ली को दी मात

पीडब्ल्यूएल : साक्षी मलिक जीतीं, लेकिन उनके मंगेतर और टीम हारी, जयपुर ने दिल्ली को दी मात
साक्षी मलिक ने रियो ओलिंपिक में भारत के लिए कांस्य जीता था (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: जयपुर निन्जास ने शुक्रवार को के.डी. जाधव स्टेडियम में खेले गए प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) के दूसरे संस्करण के मैच में दिल्ली सुल्तान को 4-3 से हरा दिया. रियो ओलिंपिक में भारत के लिए मेडल जीतने वाली पहलवान साक्षी मलिक ने तो अपना मुकाबला जीत लिया, लेकिन उनके मंगेतर सत्यव्रत सत्यव्रत कादियान को हार का सामना करना पड़ा. इस जीत के साथ जयपुर की टीम अंकतालिका में हरियाणा हैमर्स के साथ शीर्ष पर आ गई है. दोनों टीमों के दो मुकाबलों के बाद दो अंक हैं. दिल्ली, लीग में अभी तक एक भी मैच नहीं जीत पाई है.

इस मुकाबले का सबसे बड़ा मैच रियो ओलिंपिक में भारत को कांस्य पदक दिलाने वाली साक्षी मलिक का था. दिल्ली की टीम से 58 किलोग्राम भारवर्ग का मुकाबला खेलने उतरी साक्षी ने अपने प्रशंसकों को निराश नहीं किया और जयपुर की पूजा ढांडा को 16-0 से मात दी. साक्षी ने पहले राउंड में ही 8-0 की बढ़त ले ली थी. दूसरे राउंड में भी साक्षी अपनी विपक्षी पर हावी रहीं और मैच जीतकर लौटीं.

लेकिन, साक्षी की जीत का टीम के लिए कोई मायने नहीं रहा क्योंकि तब तक टीम सात चक्र के मुकाबले में चार हार चुकी थी. जॉर्जिया के इलिजबार ओलिकाड्जे ने जयपुर को शानदार शुरुआत दी और पहले मुकाबले में 97 किलोग्राम भारवर्ग में हुए मैच में दिल्ली के सत्यव्रत कादियान को 8-0 से हराया.

जैकब माकारशविली ने जयपुर की बढ़त को दोगुना कर दिया. उन्होंने प्रवीण राणा को 74 किलोग्राम भारवर्ग में मात दी. जैकब ने यह मुकाबला 10-7 से हराया. दोनों के बीच रोमांचक मुकाबला देखा गया. राणा अपने विपक्षी को अच्छी टक्कर दे रहे थे लेकिन अंतिम समय पर हुई चूक से जैकब को बढ़त मिल गई जिसे उन्होंने बनाए रखा और जीत हासिल की.

जैनी फ्रानसन ने 75 किलोग्राम भारवर्ग में एलिना स्टाडनिक को 5-0 से हराकर जयपुर की बढ़त को बढ़ा दिया.

दिल्ली का खाता यूरोपियन चैम्पियन और दो बार ओलम्पिक में रजत पदक जीतने वाली मारिया स्टाडनिक ने खोला. अजरबैजान की इस खिलाड़ी ने जयपुर की स्टार खिलाड़ी रितू फोगाट को 48 किलोग्राम भारवर्ग में मात दी.

जयपुर के विनोद कुमार ओमप्रकाश ने दिल्ली के डेविड तलाशाड्जे को 70 किलोग्राम भारवर्ग में 2-0 से हराते हुए 4-1 से आगे कर दिया.

इसके बाद साक्षी ने मुकाबला जीत दिल्ली को दूसरा अंक दिलाया. साक्षी की जीत से प्रभावित होकर दिल्ली के इर्डेनेबैट ने जयपुर के उत्कर्ष काले को 2-1 से मात दी और टीम के खाते में तीसरा अंक डाला.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल), साक्षी मलिक, प्रो रेसलिंग लीग, पीडब्ल्यूएल, Pro Wrestling League, PWL, Sakshi Malik, Rio Olympics
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com