विज्ञापन
This Article is From Mar 08, 2011

कीवियों ने उड़ाए पाकिस्तानी टीम के परखच्चे

अपने जन्मदिन पर करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए टेलर ने नाबाद 131 रन बनाकर न्यूजीलैंड को सात विकेट पर 302 रन तक पहुंचाया।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
पालेकेले: रास टेलर के आक्रामक शतक के बाद अपने गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर न्यूजीलैंड ने विश्व कप ग्रुप ए के मैच में 110 रन से जीत दर्ज करके पाकिस्तान के अजेय अभियान पर न सिर्फ रोक लगा दी बल्कि क्वार्टरफाइनल में प्रवेश का अपना दावा और पुख्ता कर लिया। अपने जन्मदिन पर करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए टेलर ने नाबाद 131 रन बनाकर न्यूजीलैंड को सात विकेट पर 302 रन तक पहुंचाया। आखिरी पांच ओवरों में न्यूजीलैंड ने 100 से अधिक रन बना डाले। जवाब में पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने गैर जिम्मेदाराना प्रदर्शन की शर्मनाक दास्तां लिख डाली और पूरी टीम 41.4 ओवर में 192 रन पर सिमट गई। नौवें विकेट के लिए अब्दुल रज्जाक और उमर गुल ने 66 रन की साझेदारी की लेकिन टीम को मैच में नहीं लौट सके। रज्जाक ने 74 गेंद में नौ चौकों की मदद से 62 रन बनाए। उन्हें 42वें ओवर में स्काट स्टायरिस ने जैकब ओरम के हाथों लपकवाया। न्यूजीलैंड के लिए टिम साउदी ने तीन विकेट लिए जबकि काइल मिल्स, नील मैकुलम और स्टायरिस ने दो-दो विकेट चटकाए। ग्रुप ए में अभी तक अपराजेय रही शाहिद अफरीदी एंड कंपनी की यह पहली हार है। पिछले मैच में हालांकि कनाडा ने उसे 184 रन पर समेटकर खतरे की घंटी बजा दी थी लेकिन इससे कोई सबक नहीं लेते हुए पाकिस्तान ने दिशाहीन गेंदबाजी और रीढ़हीन बल्लेबाजी की नई मिसाल कायम की। दूसरी ओर, क्षेत्ररक्षकों ने कैच टपकाकर न्यूजीलैंड का काम और आसान कर दिया।टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 302 रन बनाए। टेलर ने अपनी शतकीय पारी में 124 गेंदों पर आठ चौके और सात छक्के लगाए। न्यूजीलैंड की ओर से ब्रेंडन मैक्लम और गुपटिल ने पारी की शुरुआत की। न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पारी के पहले ओवर की चौथी गेंद पर तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने विस्फोटक बल्लेबाज ब्रेंडन मैक्लम को छह रन के निजी योग पर बोल्ड कर दिया। जेमी हाओ ज्यादा देर तक मैदान पर नहीं टिक सके और वह भी 29 गेंदों का सामना कर चार रन के निजी योग पर उमर गुल की गेंद पर पगबाधा करार दे दिए गए। हाओ ने गुपटिल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 47 रन जोड़े। गुपटिल ने 86 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 57 रनों की पारी खेली। इसके बाद टेलर ने पारी को सम्भालने की जिम्मेदारी उठाई और गुपटिल के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 57 रन जोड़े। न्यूजीलैंड का चौथा विकेट जेम्स फ्रेंकलिन के रूप में गिरा। फ्रेंकलिन को एक रन के निजी योग पर मोहम्मद हफीज ने पगबाधा आउट किया। टेलर ने अनुभवी हरफनमौला खिलाड़ी स्कॉट स्टायरिस (28) के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 62 रन जोड़े। नेथन मैक्लम ने 10 गेंदों पर एक चौके और दो छक्के की मदद से 19 रन बनाए जबकि जैकब ओरम ने महज नौ गेंदों पर एक चौके और तीन छक्कों की मदद से ताबड़तोड़ 25 रनों की आतिशी पारी खेली। ओरम ने टेलर के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 85 रन जोड़े। काएल मिल्स सात रन पर नाबाद लौटे। पाकिस्तान की ओर से गुल ने सर्वाधिक तीन विकेट झटके जबकि अख्तर, अब्दुर रहमान अफरीदी और हफीज ने एक-एक विकेट चटकाए।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
पाकिस्तान, रन, लक्ष्य
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com