ऑस्ट्रेलियाई से अपना दूसरा मुकाबला हारने के बाद न्यूजीलैंड की टीम मुकाबले में शुक्रवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ मोटेरा में भिड़ेगी।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
अहमदाबाद:
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम से अपना दूसरा मुकाबला हारने के बाद न्यूजीलैंड की टीम आईसीसी विश्व कप-2011 के ग्रुप 'ए' के मुकाबले में शुक्रवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ मोटेरा के सरदार पटेल स्टेडियम में भिड़ेगी। दोनों टीमें जीत हासिल करना चाहेंगी। न्यूजीलैंड ने अब तक खेले अपने दो मुकाबलों में से एक में जीत दर्ज की है जबकि एक मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा है। न्यूजीलैंड ने अपने पहले मुकाबले में केन्या को 10 विकेट से हराया था जबकि दूसरे मुकाबले में उसे ऑस्ट्रेलिया के हाथों सात विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी थी। जिम्बाब्वे को अपने पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के हाथों 91 रनों से मात खानी पड़ी थी वहीं दूसरे मुकाबले में जिम्बाब्वे ने शानदार वापसी करते हुए कनाडा को 175 रनों के भारी अंतर से पराजित कर इस विश्व कप में पहली जीत दर्ज की थी। दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला महत्वपूर्ण है क्योंकि न्यूजीलैंड ग्रुप 'ए' में अंक तालिका में दो अंक अर्जित कर चौथे स्थान पर है वहीं जिम्बाब्वे की टीम दो अंक हासिल कर पांचवें स्थान पर है। न्यूजीलैंड का नेट रन रेट 1.50 है वहीं जिम्बाब्वे का नेट रन रेट 0.84 है। न्यूजीलैंड को तेज शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी अनुभवी और विस्फोटक बल्लेबाज ब्रेंडन मैक्लम और मार्टिन गुपटिल के कंधों पर होगी वहीं मध्यक्रम में जेसी राइडर, रॉस टेलर, स्कॉट स्टायरिस और हरफनमौला जेम्स फ्रेंकलिन टीम को मजबूती प्रदान करेंगें। निचले क्रम में कप्तान डेनियल विटारी के साथ-साथ हरफनमौला जैकब ओरम और नेथन मैक्लम ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर मैच का रुख पलटने का माद्दा रखते हैं। तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी युवा तेज गेंदबाज हामिश बैनेट, काएल मिल्स और टिम साउदी के कंधों पर होगी वहीं स्पिन की जिम्मेदारी विटोरी और नेथन सम्भालेंगे। जिम्बाब्वे की टीम को एक बार फिर अनुभवी विकेट कीपर बल्लेबाज तातेंदा ताएबू से काफी उम्मीदें होंगी जिन्होंने कनाडा के खिलाफ शानदार 98 रनों की पारी खेली थी। जिम्बाब्वे को तेज शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी सलामी बल्लेबाजों ब्रेंडन टेलर और चार्ल्स कोवेन्ट्री के कंधों पर होगी वहीं मध्यक्रम में ताएबू, क्रेग इर्विन, कप्तान एल्टन चिगुम्बुरा और ग्रेग लैम्ब टीम को मजबूती प्रदान करेंगे। तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी प्रॉस्पर उत्सेया और क्रिस मोफू के कंधों पर होगी वहीं स्पिन आक्रमण की बागडोर रे प्राइस और क्रेमर संभालेंगे।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
न्यूजीलैंड, जिम्बावे, भिड़ंत