मलिंगा की हैट्रिक सहित छह विकेट के करिश्माई प्रदर्शन से श्रीलंका ने आईसीसी क्रिकेट विश्व कप के ग्रुप ए मैच में कीनिया को नौ विकेट से रौंद दिया।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
कोलम्बो:
तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा की हैट्रिक सहित छह विकेट के करिश्माई प्रदर्शन से श्रीलंका ने आईसीसी क्रिकेट विश्व कप के ग्रुप ए मैच में कीनिया को नौ विकेट से रौंद दिया। श्रीलंका ने मलिंगा (7.4 ओवर में 38 रन पर छह विकेट) की तूफानी गेंदबाजी की मदद से कीनिया को 142 रन पर ढेर करने के बाद उपुल थरंगा (नाबाद 67) और तिलकरत्ने दिलशान (44) की उम्दा पारियों की मदद से 30.2 ओवर शेष रहते एक विकेट के नुकसान पर 146 रन बनाकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। श्रीलंका के कप्तान कुमार संगकारा 27 रन बनाकर नाबाद रहे। इससे पहले ओबुया बंधुओं कोलिन्स (52) और डेविड (51) के अर्द्धशतकों के बावजूद कीनिया की टीम 43.4 ओवर में ही सिमट गई। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 94 रन जोड़े। इन दोनों के अलावा कीनिया का कोई बल्लेबाज दोहरे अंक तक नहीं पहुंच पाया। श्रीलंका ने इसके साथ ही पिछले मैच में पाकिस्तान के हाथों मिली शिकस्त की निराशा को भी दूर करने की कोशिश की। टीम अपने तीन मैचों में से दो जीत चुकी है जबकि कीनिया की यह लगातार तीसरी हार है। दिलशान और थरंगा की सलामी जोड़ी ने छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरे श्रीलंका को 8.2 ओवर में 72 रन जोड़कर तूफानी शुरुआत दिलाई। दिलशान ने पीटर ओनगोंडो और सैम नगोचे की गेंद पर लगातार चौके मारे जबकि निहिमेह ओडियांबो की गेंद को तीन बार सीमा रेखा तक पहुंचाया। थरंगा ने भी जिम्बाब्वे के कप्तान जिमी कमांडे का स्वागत एक ओवर में तीन चौकों के साथ किया। दोनों ने 5.5 ओवर में टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
मलिंगा, हैट्रिक, कीनिया