यूरोपीय टूर के तीन टूर्नामेंटों के लिए जीव के साथ यात्रा कर रहे अमरितिंदर को कहा गया कि या तो वह पगड़ी उतारे या उड़ान छोड़ दे।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:
जीव मिल्खा सिंह के कोच अमरितिंदर सिंह को मंगलवार को मिलान हवाई अड्डे पर सुरक्षा अधिकारियों ने पगड़ी उतारने पर मजबूर कर दिया। यूरोपीय टूर के तीन टूर्नामेंटों के लिए जीव के साथ यात्रा कर रहे अमरितिंदर को कहा गया कि या तो वह पगड़ी उतारे या उड़ान छोड़ दे। हवाई अड्डे पर कई लोग इस घटना के साक्षी रहे थे। जीव ने हवाई अड्डे पर सुरक्षा अधिकारियों से कहा कि यह परेशान करने वाली हरकत है लेकिन वे नहीं माने। सुरक्षाकर्मियों ने हालांकि दोनों को तभी फ्लाइट में चढ़ने दिया जब अमरितिंदर ने पगड़ी उतारी और उन्होंने चेकिंग की। अमरितिंदर ने इटली से कहा, मैंने सुरक्षाकर्मियों से कहा कि यह बर्ताव का सही तरीका नहीं है। मैं पिछले 35 साल से यात्रा कर रहा हूं लेकिन ऐसा कभी नहीं हुआ। उन्होंने कहा, यह मेरा अपमान है क्योंकि मैंने दुनियाभर में यात्रा की है और यहां सुरक्षाकर्मियों ने मेरी पगड़ी में डिटेक्टर भी डाले। मुझे कभी अपनी पगड़ी नहीं उतारनी पड़ी। मेरे लिये यह सरेआम कपड़े उतारने जैसा था। उन्होंने कहा, मैं उस देश से हूं जहां प्रधानमंत्री पगड़ी पहनते हैं। मुझे लगता है कि भारत को यह मसला दूसरे देशों के सामने रखना होगा। मैं सुरक्षा के बीच में नहीं आना चाहता लेकिन निजता का भी सम्मान किया जाना चाहिये। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद जीव ने इटली में भारत के महा वाणिज्यदूत से संपर्क किया और उन्हें इसके बारे में बताया। उन्होंने यह मसला उठाने का आश्वासन दिया। कोच ने कहा, मैंने उनसे कहा कि मेरा पासपोर्ट देख लीजिये। मैं एक खिलाड़ी हूं और इस तरह मेरा अपमान कभी नहीं हुआ लेकिन वे नहीं माने। मैंने कहा भी कि यह सुरक्षा नहीं बल्कि उत्पीड़न है। जीव ने कहा कि इतालवी अधिकारियों ने उन्हें और उनके कोच को काफी परेशान किया। उन्होंने कहा, मेरे पिता भी पगड़ी पहनते हैं और यदि उन्हें सैकड़ों लोगों के सामने इस तरह गैर जरूरी और अपमानजनक तरीके से पगड़ी उतारने को कहा जाये तो पता नहीं मुझ पर क्या बीतेगी।