आयरलैंड ने ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले गए ग्रुप 'बी' के एक मुकाबले में नीदरलैंड्स को छह विकेट से हरा दिया।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
कोलकाता:
सलामी बल्लेबाज पॉल स्टर्लिग (101) और कप्तान विलियम पोर्टरफील्ड (68) की उम्दा बल्लेबाजी की बदौलत आयरलैंड ने आईसीसी विश्व कप-2011 के अंतर्गत ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए ग्रुप 'बी' के एक मुकाबले में नीदरलैंड्स को छह विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही आयरलैंड ने इस विश्व कप में अपनी दूसरी जीत दर्ज की। नीदरलैंड्स द्वारा जीत के लिए दिए गए 307 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की टीम ने चार विकेट के नुकसान पर 47.4 ओवरों में 307 रन बनाकर मैच जीत लिया। आयरलैंड ने इससे पहले इंग्लैंड को हराकर इस विश्व कप में अपनी पहली जीत दर्ज की थी। स्टर्लिग को उनकी शानदार पारी के लिए 'मैन ऑफ द मैच' का पुरस्कार दिया गया। 307 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत शानदार रही और उसके सलामी बल्लेबाज पॉल स्टर्लिग और विलियम पोर्टरफील्ड ने पहले विकेट के लिए 177 रन जोड़े। पोर्टरफील्ड ने 93 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से 68 रनों की पारी खेली। उन्हें टॉम कूपर ने एत्सी बुरमैन के हाथों कैच करवाया। पोर्टरफील्ड के आउट होते ही कुल योग पर अभी दो रन का ही इजाफा हुआ था कि शानदार फॉर्म में दिख रहे स्टर्लिग भी 72 गेंदों पर 14 चौकों और दो छक्कों की मदद से 101 रन के निजी योग पर पीटर सीलार के शिकार हो गए। एड जॉयस ने 33 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 28 रनों का योगदान दिया। उन्हें कूपर ने बुरमैन के हाथों कैच करवाया। जॉयस ने नियाल ओ'ब्रायन के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 54 रन जोड़े। विकेट कीपर बल्लेबाज गैरी विल्सन ने 21 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 27 रन बनाए। विल्सन ने नियाल के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 46 रन जोड़े। नियाल 58 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 57 रन बनाकर नाबाद लौटे जबकि केविन आ'ब्रायन नौ गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 15 रन बनाकर नाबाद लौटे। नीदरलैंड्स की ओर से कूपर ने सर्वाधिक दो विकेट झटके जबकि रेयान टेन डोशेट और सीलार के खाते में एक-एक विकेट गया। इससे पहले, नीदरलैंड्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में सभी विकेट खोकर 306 रन बनाए जिनमें टेन डोशेट के 106 रन और कप्तान पीटर बोरेन के 84 रन शामिल थे। आयरलैंड ने टॉस जीतकर नीदरलैंड्स को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। नीदरलैंड्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसके सलामी बल्लेबाज एरिक श्वार्कजिन्सकी मात्र एक रन बनाकर ट्रेन्ट जॉन्सटन की गेंद पर नियाल को कैच थमाकर चलते बने। कूपर पांच रन के निजी योग पर बॉयड रेनकिन की गेंद पर पोर्टरफील्ड के हाथों लपके गए। इसके बाद एलेक्सेई कर्वेजी भी 16 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 12 रन बनाकर चलते बने। कर्वेजी को जॉन मूनी ने केविन ओ'ब्रायन के हाथों कैच आउट करवाया। टेन डोशेट के साथ मिलकर कर्वेजी ने तीसरे विकेट के लिए 41 रन जोड़े। वेस्ले बारेसी ने 49 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्के की मदद से शानदार 44 रन बनाए। बारेसी ने टेन डोशेट के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 60 रन जोड़े। टेन डोशेट ने 108 गेंदों पर 13 चौकों और एक छक्के की मदद से 106 रन बनाए। उन्हें स्टर्लिग ने मूनी के हाथों लपकवाया। पेवेलियन लौटने से पहले टेन डोशेट ने बोरेन के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 121 रनों की साझेदारी की। रन गति को तेज करने के चक्कर में बोरेन 84 रन के निजी योग पर मूनी की गेंद पर पोर्टरफील्ड को कैच थमा बैठे। बोरेन ने एत्सी बुरमैन के साथ मिलकर छठें विकेट के लिए 53 रन जोड़े। बुरमैन रन लेने के चक्कर में 26 रन के निजी योग पर जबकि पीटर सीलार और अदील राजा बिना खाता खोले रन आउट हो गए। मुद्दसर बुखारी 11 रन के निजी योग पर नियाल ओ' ब्रायन के एक सीधे थ्रो पर रन आउट हुए। बरनार्ड लूट्स बिना खाता खोले नबाद लौटे। आयरलैंड की ओर से स्टर्लिग और मूनी ने दो- दो विकेट झटके जबकि रेनकिन, और जॉन्सटन के खाते में एक-एक विकेट गया। जीत के बाद आयरलैंड के कप्तान पोर्टरफील्ड ने कहा, "स्टर्लिग ने शानदार पारी खेली। हम अपनी जीत के लिए पूरी तरह आश्वस्त थे। विश्व कप में हमने कई मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन किए लेकिन अफसोस की हमें उनमें जीत नहीं मिली। भारत में खेलकर हम बहुत खुश हैं।" नीदरलैंड्स के कप्तान बोरेन ने कहा, "100 रन पर चार विकेट गिरने के बावजूद हमनें शानदार वापसी की। हमने जो स्कोर बनाया उससे हम खुश थे लेकिन हमने हाथ में आए मौके को गंवा दिया। स्टर्लिग ने शानदार बल्लेबाजी की। हमने बांग्लादेश और भारत में खेलकर अनुभव हासिल किया है।" दोनों टीमों के लिए इस विश्व कप में यह अंतिम मैच था। नीदरलैंड्स ने कुल छह मुकाबले खेले लेकिन उसे एक मैच में भी जीत नसीब नहीं हुई जबकि आयरलैंड ने इतने ही मैचों में दो जीत दर्ज की है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
आयरलैंड, टॉस, गेंदबाजी, फैसला