विज्ञापन
This Article is From Mar 25, 2011

विश्व कप में भारत से हमेशा मुंह की खाई है पाक ने

यदि मिथक या यूं कहें कि पिछले 19 साल से चला आ रहा रिकॉर्ड बरकरार रहता है तो फिर भारतीय टीम का फाइनल में पहुंचना तय है...
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली: यदि मिथक या यूं कहें कि पिछले 19 साल से चला आ रहा रिकॉर्ड बरकरार रहता है तो फिर भारतीय टीम का फाइनल में पहुंचना तय है क्योंकि एकदिवसीय और ट्वेंटी-20 दोनों प्रारूपों के विश्व कप में उसने हमेशा अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को धूल चटाई है। भारत और पाकिस्तान के बीच 30 मार्च को मोहाली में इस टूर्नामेंट का सबसे रोमांचक, दिलचस्प और कड़ा मैच खेला जाएगा जिसमें मैदान पर चल रही क्रिकेटिया जंग में दोनों देशों के करोड़ों लोगों की भावनाएं भी हावी रहेंगी। पाकिस्तान का अब तक का अभियान शानदार रहा है लेकिन भारत भी पिछले तीन बार के चैंपियन ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदों पर पानी फेरकर अंतिम चार में पहुंचा है। भारतीयों को उम्मीद रहेगी कि विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ हमेशा जीत दर्ज करने का जो अभियान 1992 से शुरू हुआ वह आगे भी बरकरार रहेगा। इन दोनों टीमों के बीच विश्व कप में अब तक चार मैच खेले गए हैं और इन सभी मैच में भारत विजयी रहा। यही नहीं, ट्वेंटी-20 विश्व चैंपियनशिप में इनके बीच जो दो मैच खेले गए उनमें भारतीय टीम ने ही बाजी मारी है। यह भी संयोग है कि भारत और पाकिस्तान के बीच विश्व कप के तीन मैच मार्च महीने में खेले गए और महेंद्र सिंह धोनी की टीम फिर से इस महीने को अपने लिए शुभ बनाना चाहेगी। सचिन तेंदुलकर अभी तक सभी चार मैच का हिस्सा रहे हैं और इनमें से दो में तो वह मैन ऑफ द मैच भी रहे हैं। भारत और पाकिस्तान विश्व कप में पहली बार चार मार्च 1992 को सिडनी में भिड़े थे। इस दिन रात्रि मैच में मोहम्मद अजहरुद्दीन की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने 43 रन से जीत दर्ज की थी।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
विश्व कप, भारत, पाक
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com