पूरा देश रविवार को जब होली के रंगों में डूबा होगा तब टीम इंडिया चिदम्बरम स्टेडियम में वेस्टइंडीज के साथ ग्रुप 'बी' का अपना अंतिम लीग मैच खेलेगी।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
चेन्नई:
पूरा देश रविवार को जब होली के रंगों में डूबा होगा तब टीम इंडिया चिदम्बरम स्टेडियम में वेस्टइंडीज के साथ ग्रुप 'बी' का अपना अंतिम लीग मैच खेलेगी। यह मैच खिताब की चाह रखने वाले भारतीय धुरंधरों को द. अफ्रीका और इंग्लैंड के खिलाफ की गई गलतियों को सुधारने का एक आखिरी मौका देगा क्योंकि क्वार्टरफाइनल दौर में गलती की रत्तीभर गुंजाइश नहीं होगी। नॉकआउट दौर होने के कारण क्वार्टरफाइनल में कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के धुरंधरों को अपना श्रेष्ठ खेल दिखाना होगा क्योंकि एक भी गलती टीम को इतिहास बनाने से दूर ले जाएगी। इसी को ध्यान में रखते हुए धोनी ने शनिवार को कहा कि उनकी टीम ने गलतियों से सबक सीखा है और अंतिम मुकाबले में उसे सुधारने का प्रयास करेगी। धोनी अच्छी तरह जानते हैं कि उनकी टीम खिताब से तीन कदम दूर है, लिहाजा वह कोई गलती नहीं करना चाहेंगे। धोनी ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, "हमने कुछ मैचों के दौरान पावरप्ले के दौरान गलतियां की हैं। मैं यह मानता हूं। हमने उनकी पहचान कर ली है। उन्हें सुधारने का हमारा प्रयास जारी है। आशा है कि रविवार को ऐसी कोई गलती नहीं होगी।" धोनी ने कहा कि सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग को छोड़कर टीम के बाकी सभी सदस्य फिट हैं। उनके मुताबिक इस मुकाबले में सहवाग का खेलना तय नहीं है। कप्तान ने यह भी संकेत दिया कि इस मैच में रविचंद्रन अश्विन और सुरेश रैना को मौका मिल सकता है। बकौल धोनी, "सहवाग वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलेंगे या नहीं, इसका फैसला रविवार को मैच से पहले हो सकेगा। हमारे फिजियो नितिन पटेल उनकी चोट का ध्यान रख रहे हैं। हम आशा करते हैं कि वह जरूर खेलेंगे लेकिन क्वार्टरफाइनल स्टेज को देखते हुए हम उन्हें लेकर किसी प्रकार की जल्दबाजी नहीं करना चाहते।" घुटने की चोट के कारण सहवाग ने द. अफ्रीका के साथ बीते रविवार को खेले गए ग्रुप मैच के बाद से अभ्यास नहीं किया है। उन्होंने हालांकि शुक्रवार शाम को अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया लेकिन बल्लेबाजी के दौरान वह सहज नजर नहीं आए। इसे देखते हुए सहवाग के रविवार को खेलने पर प्रश्नचिन्ह लग गया है। धोनी ने कहा कि चूंकि यह भारत का अंतिम लीग मैच है, लिहाजा टीम प्रबंधन चाहेगा कि क्वार्टरफाइनल स्तर में पहुंचने से पहले टीम में शामिल सभी खिलाड़ियों को कम से कम एक मैच खेलने का मौका मिल जाए। धोनी ने कहा, "हम चाहते हैं कि क्वार्टरफाइनल में जाने से पहले सभी खिलाड़ी कम से कम एक-एक मैच जरूर खेल लें। हमारे लिए यह जरूरी है। टीम संयोजन क्या होगा, यह रविवार को ही पता चल सकेगा।" धोनी के इस बयान के बाद यह आशा की जा रही है कि स्पिनर अश्विन और मध्यक्रम के बल्लेबाज रैना को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलने का मौका मिल सकता है। यही दो ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें अब तक एक भी मैच में नहीं खिलाया गया है। दूसरी ओर, ढाका में शनिवार को द. अफ्रीका के हाथों बांग्लादेश की हार के साथ वेस्टइंडीज अंतिम-8 की दौड़ में शामिल हो चुका है। ऐसी स्थिति में उस पर इस मैच को गंवाने और विश्व कप से बाहर होने का कोई मनोवैज्ञानिक डर नहीं होगा। वेस्टइंडीज के कप्तान डेरेन सैमी ने मैच पूर्व संध्या पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि वह टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करना चाहेंगे और फिर उनके स्पिनर हालात का फायदा उठाकर उनके लिए यह मैच जीतने का प्रयास करेंगे। सैमी ने कहा, "आशा है कि मैं टॉस जीतूंगा और फिर हमारे स्पिनर विकेट की मदद लेते हुए अपना काम करेंगे। यह मैच जिस विकेट पर होगा वह काफी हद तक उस विकेट से मेल खाती है, जिस पर हम इंग्लैंड से हारे थे। यही कारण है कि मैं अपने स्पिनरों के अच्छे प्रदर्शन को लेकर आश्वस्त हूं।" सैमी ने कहा कि उनकी टीम में फिटनेस की कोई समस्या नहीं है। सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल पेट की मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या से पूरी तरह उबर चुके हैं। गेल ने इंग्लैंड के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की थी। टीम संयोजन के बारे में पूछे जाने पर सैमी ने साफ तौर पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। सैमी ने कहा, "इस सम्बंध में हम मैच के दिन ही घोषणा करेंगे। हम आशा करते हैं कि टॉस जीतेंगे। हमारा टीम संयोजन इसी पर आधारित होगा।" भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले इस मैच का महत्व यह है कि इसके माध्यम से इस ग्रुप में टीमों की वास्तविक स्थिति का फैसला होगा। जीत की स्थिति में भारत नौ अंकों के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर रहेगा लेकिन हार की सूरत में उसे वेस्टइंडीज के बाद तीसरे स्थान पर रहते हुए क्वार्टरफाइनल का अभियान शुरू करना होगा। ग्रुप 'बी' में द. अफ्रीका ने सर्वाधिक पांच मैच जीतकर 10 अंक जुटाए हैं। वह शीर्ष पर है। भारत और इंग्लैंड के सात-सात अंक हैं। बेहतर नेट रन रेट के कारण भारत तालिका में दूसरे क्रम पर है जबकि इंग्लैंड तीसरे क्रम पर है। वेस्टइंडीज इस तालिका में चौथे क्रम पर है। रविवार को अगर वेस्टइंडीज जीतता है तो वह दूसरे स्थान पर पहुंच जाएगा जबकि भारत तीसरे स्थान पर खिसक जाएगा।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
भारत, गलतियां, मौका