इमरान मानते हैं कि इस रोमांचक मैच में जीत उसी की होगी, जो उस दिन के दबाव को बेहतर तरीके से झेल लेगा।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
कोलकाता:
पाकिस्तान को वर्ष 1992 में विश्व चैम्पियन का ताज पहनाने वाले पूर्व कप्तान इमरान खान महसूस करते हैं कि 30 मार्च को मोहाली में पाकिस्तान के साथ होने वाले सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम दबाव में होगी। इमरान मानते हैं कि इस रोमांचक मैच में जीत उसी की होगी, जो उस दिन के दबाव को बेहतर तरीके से झेल लेगा लेकिन कुल मिलाकर घरेलू मैदान पर खेल रहे होने के कारण भारत पर दबाव अधिक होगा। इमरान ने एक प्रचार कार्यक्रम में शनिवार को कहा, "यह बराबरी का मैच होगा। असल में यह मैच साबित करेगा कि कौन सी टीम दबाव में बेहतर खेल दिखा सकती है।" "मैं कोई 'माइंड गेम' नहीं खेल रहा हूं लेकिन चूंकी भारतीय टीम अपने घरेलू दर्शकों के सामने यह मैच खेल रही होगी, लिहाजा उस पर जाहिर तौर पर अधिक दबाव होगा।" इसके बावजूद इमरान मानते हैं कि भारत इस विश्व कप को जीतने का सबसे तगड़ा दावेदार है। भारत और पाकिस्तान ने मुम्बई पर 2008 में हुए आतंकवादी हमले के बाद आपस में एक भी मैच नहीं खेला है। इमरान ने कहा, "भारत के पास इस बार विश्व कप जीतने का शानदार मौका है। इस टीम के ट्रैक रिकार्ड और लगातार अच्छे प्रदर्शन को देखते हुए यह कहना बिल्कुल गलत नहीं होगा।"