विज्ञापन
This Article is From Mar 05, 2011

सावधान रहकर आयरलैंड से भिड़ेगी टीम इंडिया

आयरलैंड अपने पिछले मैच में इंग्लैंड को धूल चटाकर इस विश्व कप के अब तक के सबसे बड़े उलटफेर को अंजाम दे चुका है।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
बेंगलुरू: 'सावधानी हटी-दुर्घटना घटी'। टीम इंडिया के दिग्गज जब रविवार को आयरलैंड के खिलाफ अपना तीसरा ग्रुप मैच खेलने के लिए चिन्नास्वामी स्टेडियम में उतरेंगे, तब उनके दिमाग में यही मूल-मंत्र घूम रहा होगा। इसके पीछे एक वाजिब कारण है। आयरलैंड अपने पिछले मैच में इंग्लैंड को धूल चटाकर इस विश्व कप के अब तक के सबसे बड़े उलटफेर को अंजाम दे चुका है। इस कारण ग्रुप-बी की किसी भी बड़ी टीम को आयरलैंड को कमतर आंकना घातक साबित हो सकता है। आयरलैंड के हाथों इंग्लैंड की हार के बाद ही क्रिकेट के पंडितों ने भारतीय टीम को अपनी तैयारियों को अंतिम रूप तक ले जाने की चेतावनी दे दी थी। वे काफी हद तक सही हैं क्योंकि हार चाहे आयरलैंड के हाथों हो या फिर किसी अन्य टीम के खिलाफ, अंकों के आधार पर तालिका में तीसरे स्थान पर खिसक चुकी टीम इंडिया को काफी महंगी पड़ेगी। वैसे तो भारत और आयरलैंड की टीमों के बीच शक्ति तुलना का कोई सवाल नहीं उठता लेकिन इंग्लैंड को मिली पटखनी के बाद इस मैच को हर आदमी गम्भीरता से ले रहा है। देखने वाली बात यह होगी कि टीम इंडिया यह मैच बड़े अंतर से जीतती है या फिर जीत के लिए संघर्ष करती है। मैदान में कुछ भी हो सकता है। इंग्लैंड की तरह टीम इंडिया हार भी सकती है। यही सोचकर क्रिकेट के पंडितों ने महेंद्र सिंह धोनी की टीम को सावधानी बरतने की सलाह दी है। वैसे तो इसकी सम्भावना बहुत कम दिखाई दे रही है लेकिन क्रिकेट की 'असम्भावनाओं' को देखते हुए टीम इंडिया इस मैच को गम्भीरता से ले रही है। इसी कारण वह बीते तीन दिनों से बेंगलुरू में जमकर पसीना बहा रही है। क्रिकेट के अलावा फिटनेस बनाए रखने के लिए फुटबाल और बॉलीबॉल खेला जा रहा है। टीम से किसी तरह की अप्रिय घटना की खबर नहीं है। सभी खिलाड़ी फिट हैं और एक बड़ी जीत के लिए मैदान में उतरने का इंतजार कर रहे हैं। आयरलैंड की उम्मीदें एक बार फिर ओ' ब्रायन बंधुओं पर टिकी रहेंगी। आयरिश टीम इंग्लैंड के खिलाफ जीत के इरादे से उतरी थी। उसने 328 रनों के असंभव से दिखने वाले लक्ष्य को पार करने का साहस दिखाया था। इस साहसिक प्रदर्शन के बाद आयरिश टीम कोई भी करिश्मा करने को उतावली होगी। भारत के खिलाफ मिली 'असंभव' सी दिखने वाली जीत उसे तालिका में मजबूत स्थिति में पहुंचा सकती है लेकिन इसके लिए उसे अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाना होगा क्योंकि टीम इंडिया अनुभव और दमखम में उससे हर लिहाज से बीस है। इंग्लैंड-आयरलैंड मुकाबले ने विश्व कप को एक नया आयाम दिया है। अब कमजोर टीमों और बड़ी टीमों के बीच होने वाले मुकाबले में भी दर्शकों का जमावड़ा लगने लगा है। इसे सकारात्मक संकेत माना जा सकता है क्योंकि अब तक कमजोर और मजबूत टीमों के बीच होने वाले मुकाबलों में दर्शक नदारद रहा करते थे। यह मैच भारत के लिए अहम है क्योंकि इसे जीतकर वह तालिका में शीर्ष पर पहुंच जाएगा। इसके बाद उसे नीदरलैंड्स के साथ भिड़ना है। एक के बाद एक दो कमजोर टीमों के साथ होने वाले मुकाबले जीतकर टीम इंडिया अंतिम-8 में स्थान पक्का कर सकती है। वैसे भी इसके बाद उसका सामना 12 मार्च को नागपुर में दक्षिण अफ्रीका और फिर 20 मार्च को चेन्नई में वेस्टइंडीज के साथ होना है। इन दोनों मैचों का परिणाम कुछ भी हो सकता है। दक्षिण अफ्रीकी टीम जिस स्तर का खेल दिखा रही है, उसके आधार पर भारत के लिए उसे हरा पाने में मुश्किल होगी जबकि वेस्टइंडीज की टीम दिनों-दिन अपना प्रदर्शन सुधार रही है, लिहाजा टीम इंडिया को उसे हराने के लिए भी पसीना बहाना पड़ सकता है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
आयरलैंड, टीम इंडिया
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com