विज्ञापन
This Article is From Mar 17, 2011

रोमांचक मैच में इंग्लैंड 18 रन से जीता

इस जीत ने जहां इंग्लैंड को क्वार्टर फाइनल की दौड़ में बनाए रखा है वहीं अब अंतिम-8 में पहुंचने के लिए वेस्टइंडीज को होली के दिन भारत को हराना होगा।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
चेन्नई: जेम्स ट्रेडवेल (48/4) और ग्रीम स्वान (36/3) की शानदार गेंदबाजी के दम पर इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने आईसीसी विश्व कप-2011 के अंतर्गत चिदम्बरम स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए 'करो या मरो' मुकाबले में वेस्टइंडीज को 18 रनों से हरा दिया। इस जीत ने जहां इंग्लैंड को क्वार्टर फाइनल की दौड़ में बनाए रखा है वहीं अब अंतिम-8 में पहुंचने के लिए वेस्टइंडीज को होली के दिन भारत को हराना होगा। यही नहीं, इंग्लैंड की इस जीत ने भारत और बांग्लादेश को भी निराश किया, जिन्हें अब क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए अपने-अपने अंतिम लीग मैच किसी भी हाल में जीतने होंगे। इंग्लैंड की टीम तालिका में सात अंकों के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गई है जबकि वेस्टइंडीज चौथे और बांग्लादेश पांचवें स्थान पर खिसक गया है। बांग्लादेश का सामना शनिवार को दक्षिण अफ्रीका से होना है। उसके लिए दक्षिण अफ्रीका को हरा पाना काफी कठिन होगा। बांग्लादेश की हार की सूरत में भारत अगर अपने अंतिम मैच में वेस्टइंडीज से हार भी जाता है तो वह क्वार्टर फाइनल में पहुंच जाएगा। साथ ही साथ वेस्टइंडीज की टीम भी हार के बावजूद क्वार्टर फाइनल में पहुंच जाएगी क्योंकि बांग्लादेश के बराबर छह अंक होने के बावजूद उसका नेट रन रेट काफी अच्छा है। अब वेस्टइंडीज और इग्लैंड के बीच खेले गए मैच की बात करते हैं। एक बारगी लगा था कि वेस्टइंडीज यह मैच जीत जाएगा और भारत तथा बांग्लादेश बिना मेहनत के ही क्वार्टर फाइनल में पहु्ंच जाएंगे लेकिन स्वान और ट्रेडमेल ने अपनी फिरकी की बदौलत इंग्लैंड को जीत दिलाकर सारे समीकरण पर पानी फेर दिया। 244 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज के लिए यह मैच जीतना किसी करिश्मे से कम नहीं लग रहा था। उसने एक समय 150 रन के कुल योग पर अपने छह विकेट गंवा दिए थे लेकिन इसके बाद आंद्रे रसेल (49) और रामनरेश सरवन (31) ने सातवें विकेट के लिए 13.4 ओवर में 72 रन जोड़कर अपनी टीम को जीत के बिल्कुल करीब पहुंचा दिया था। रसेल ने 46 गेंदों का सामना करते हुए दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 49 रन बनाकर उस समय ट्रेडवेल की गेंद पर पगबाधा आउट हुए जब वेस्टइंडीज को जीत के लिए 22 रनों की जरूरत थी। इसके बाद भी वेस्टइंडीज की जीत का भरोसा कायम था क्योंकि विकेट पर सरवन थे लेकिन 223 रनों के कुल योग पर स्वान ने सरवन को इयान बेल के हाथों कैच कराकर वेस्टइंडीज की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इसी ओवर में स्वान ने केमर रोच को आउट कर अपनी टीम की जीत लगभग पक्की कर दी। अंतिम जोड़ी के तौर पर सुलेमान बेन और देवेंद्र बीशू विकेट पर थे। वेस्टइंडीज के लिए उम्मीद कायम थी लेकिन वह काफी धुंधली हो चुकी थी। लक्ष्य 20 रन दूर था लेकिन दो रन चुराने के फिराक में पेन रन आउट हो गए। इस तरह इंग्लैंड ने यह मैच 18 रनों से जीत लिया। वेस्टइंडीज की टीम 44.4 ओवरों में 225 रन ही बना सकी। वेस्टइंडीज के इस संघर्ष में सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल की भी अहम भूमिका रही। 58 रन के कुल योग पर आउट होने वाले गेल ने 21 गेंदों पर आठ चौकों और एक छक्के की मदद से 43 रनों की तूफानी पारी खेलकर अपनी टीम को तेज शुरुआत दी थी। गेल की इसी पारी की बदौलत वेस्टइंडीज पर शुरुआती 20 ओवरों तक विकेट गंवाते रहने के बावजूद रन रेट की चिंता हावी नहीं हुई। गेल अपने अर्धशतक से सात रन दूर जेम्स ट्रेडवेल की गेंद पर पगबाधा आउट करार दिए गए। इसके बाद ड्वेन स्मिथ 67 रन के कुल योग पर ट्रेडवेल की गेंद पर विकेटकीपर मैट प्रायर द्वारा स्टम्प कर दिए गए। स्मिथ 10 रन बना कप्तान डरेन सैमी ने 41 रनों का योगदान दिया लेकिन वह भी अपनी टीम को जीत के करीब नहीं ला सके। ब्रायन लारा की शैली में बल्लेबाजी करने वाले डेरेन ब्रावो (5) इस मैच में कुछ खास नहीं कर सके। इसी तरह ड्वेन थॉमस (10) और केरन पोलार्ड (24) भी पेवेलियन लौट गए। पोलार्ड ने 27 गेंदों पर दो छक्के और एक चौका लगाया। इससे पहले, विश्व कप में अपना दूसरा मैच खेल रहे तेज गेंदबाज रसेल (49/4) और लेग स्पिनर देवेंद्र बीशू (34/3) की उम्दा गेंदबाजी की बदौलत वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को 243 रनों पर समेट दिया। टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लिश टीम ने 48.4 ओवरों में सभी विकेट गंवा दिए। जोनाथन ट्रॉट ने सर्वाधिक 47 रनों का योगदान दिया जबकि सातवें क्रम पर बल्लेबाजी के लिए आए ल्यूक राइट ने 44 रनों की उपयोगी पारी खेली। इसके अलावा कप्तान एंड्रयू स्ट्रास ने 31, इयान बेल ने 27 और मैट प्रयार ने 21 रन जोड़े। टिम ब्रेस्नन 20 रन बनाकर नाबाद लौटे। इंग्लिश पारी की नाकामी की वजह 50 रन की एक भी साझेदारी का नहीं होना है। सबसे बड़ी साझेदारी पहले विकेट के लिए स्ट्रॉस और प्रायर के बीच 48 रनों की हुई। इसके अलावा ट्रॉट और बेल ने तीसरे विकेट के लिए 41 तथा जेम्स ट्रेडवेल (9) और राइट ने सातवें विकेट के लिए 41 रन जोड़े लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण इंग्लिश टीम इस मैच में बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी। वेस्टइंडीज की ओर से रसेल बीशू ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सात विकेट अपने नाम किए। केमर रोच दो विकेट लेने में सफल रहे। इंग्लैंड का एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, टीम, मैच
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com