इंग्लैंड द्वारा रखे गए 172 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम 47.4 ओवरों में 165 रन बनाकर पवेलियन लौट गई।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
चेन्नई:
युवा तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड की घातक गेंदबाजी की बदौलत इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने चेपक के एमए चिदम्बरम स्टेडियम में रविवार को खेले गए आईसीसी विश्व कप-2011 के ग्रुप 'बी' के एक रोमांचक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को छह रन से पराजित कर दिया। इंग्लैंड द्वारा रखे गए 172 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम 47.4 ओवरों में 165 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। दक्षिण अफ्रीका की ओर से पारी की शुरुआत करने आए ग्रीम स्मिथ और हाशिम अमला ने टीम को सधी हुई शुरुआत दिलाई। स्मिथ (22) और अमला (42) ने पहले विकेट के लिए 63 रन जोड़े। कप्तान स्मिथ को ग्रीम स्वान ने मैट प्रायर के हाथों लपकवाया वहीं अमला स्टुअर्ट ब्रॉड के शिकार हुए। अनुभवी हरफनमौला खिलाड़ी जैक्स कैलिस तेज गति से रन बनाने के चक्कर में ब्रॉड की गेंद पर प्रायर को कैच थमा बैठे। कैलिस ने 20 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 15 रन बनाए। नीदरलैंड्स के खिलाफ शतक बनाने वाले अब्राहम डिविलियर्स ने 44 गेंदों पर 25 रन बनाए जबकि फाफ ड्यू प्लेसिस 38 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 17 रन बनाकर रन आउट हुए। डिविलियर्स और ड्यू प्लेसिस ने चौथे विकेट के लिए 42 रन जोड़े। ज्यां पॉल ड्यूमिनी और रोबिन बिना कोई रन पवेलियन लौट गए। निचले क्रम में मोर्ने वैन विक (13) और डेल स्टेन (20) ने आठवें विकेट के लिए नाबाद 33 रन जोड़े। मोर्न मार्कल ने एक रन बनाए। इमरान ताहिर एक रन पर नाबाद लौटे। इंग्लैंड की ओर से ब्रॉड ने सर्वाधिक चार विकेट झटके जबकि एंडरसन ने दो विकेट चटकाए वहीं स्वान, ब्रेसनन और माइकल यार्डी के खाते में एक विकेट गया। इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की पूरी टीम 45.4 ओवरों में 171 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और पारी के पहले ओवर की तीसरी गेंद पर कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस बिना खाता खोले पेवेलियन लौट गए। स्ट्रॉस को रोबिन ने अब्राहम डिविलियर्स के हाथों कैच करवाया। विस्फोटक बल्लेबाज केविन पीटरसन भी ज्यादा देर तक मैदान पर नहीं टिक सके और वह भी दो रन बनाकर रोबिन की गेंद पर जैक्स कैलिस को कैच थमाकर चलते बने। अनुभवी बल्लेबाज इयान बेल सात गेंदों पर एक चौके की मदद से पांच रन बनाकर चलते बने। बेल को रोबिन ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर पवेलियन की राह दिखाई। इसके बाद मध्यक्रम के बल्लेबाज जोनाथन ट्रॉट (52) ने पारी को सम्भालने की कोशिश की और उन्होंने बोपारा के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 99 रन जोड़े। ट्रॉट को इमरान ताहिर ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया। विकेट कीपर बल्लेबाज प्रायर ने 19 गेंदों पर एक चौके की मदद से 10 रन बनाए। प्रायर को मोर्न मोर्कल ने वैन विक के हाथों कैच करवाया। चोटिल इयान मोर्गन की जगह इंग्लैंड की विश्व कप टीम में शामिल किए गए हरफनमौला रवि बोपारा ने 98 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 60 रनों की शानदार पारी खेली। इसके बाद स्वान 16 रन, माइकल यार्डी तीन रन और टिम ब्रेसनन ने एक रन बनाए जबकि ब्रॉड बिना खाता खोले ताहिर का शिकार हुए वहीं एंडरसन दो रन पर नाबाद लौटे। दक्षिण अफ्रीका की ओर से ताहिर ने सर्वाधिक चार विकेट झटके वहीं रोबिन ने तीन विकेट चटकाए जबकि मार्कल के खाते में दो और स्टेन के खाते में एक विकेट गया।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
इंग्लैंड, द. अफ्रीका, रन