विज्ञापन
This Article is From Mar 23, 2011

हमें पूरे 50 ओवर खेलना होगा : धोनी

इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम अच्छी शुरुआत के बावजूद 50 ओवरों तक नहीं खेल पाई थी।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
अहमदाबाद: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के साथ खेले जाने वाले क्वार्टर फाइनल मुकाबले से पहले अपने साथियों को यह याद दिलाया कि इस अहम मुकाबले में उनके लिए 50 ओवरों तक बल्लेबाजी करना कितना जरूरी है। इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम अच्छी शुरुआत के बावजूद 50 ओवरों तक नहीं खेल पाई थी। इंग्लैंड के खिलाफ भारत का मैच टाई रहा था जबकि नागपुर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था। वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने अंतिम लीग मैच में भी टीम इंडिया 50 ओवरों तक बल्लेबाजी नहीं कर सकी थी। अच्छी शुरुआत के बावजूद टीम इंडिया एक बार फिर ताश के पत्तों की तरह भरभरा गई थी। धोनी ने बुधवार को मोटेरा स्थित सरदार पटेल स्टेडियम में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारत को इस तरह की गलती महंगी पड़ सकती है। धोनी ने कहा, "यह मैच हमारे लिए महत्वपूर्ण है। यह नॉकआउट मैच है और इस कारण हम इसका वर्गीकरण नहीं कर सकते। हमें इस मैच में पूरे 50 ओवरों तक बल्लेबाजी करनी होगी क्योंकि हमारे लिए अधिक से अधिक स्कोर करना बेहद जरूरी है।" धोनी ने माना कि बैटिंग पावरप्ले के दौरान टीम इंडिया ने खराब प्रदर्शन किया है लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस तरह की तमाम गलतियों पर रोक लगाने का प्रयास किया जाएगा। बकौल धौनी, "टीम के हर सदस्य की भूमिका निर्धारित है। शीर्ष क्रम ने अब तक अच्छा खेल दिखाया है। मैं उनके प्रदर्शन से संतुष्ट हूं लेकिन हमने अब तक स्लॉग ओवरों या फिर दूसरे पावरप्ले का भरपूर फायदा नहीं उठाया है। आशा करता हूं कि गुरुवार को हमारे खिलाड़ी इस बारे में सचेत रहेंगे और सुधरा हुआ प्रदर्शन करेंगे। " धोनी ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया जैसी समान तौर पर मजबूत टीम के खिलाफ मानसिक शक्ति काफी अहम भूमिका निभाएगी। धोनी ने कहा, "मानसिक शक्ति काफी अहम चीज होती है लेकिन इसके साथ-साथ अपनी क्षमताओं पर भी भरोसा रखना होता है। अंतिम रूप से अपका खेल ही मैदान में दिखता है लेकिन इसके लिए जरूरी है कि आप दिमागी तौर पर मजबूत रहें और अपनी रणनीति पर ठीक ढंग से अमल करते रहें।"

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Dhoni Australia, धोनी, ऑस्ट्रेलिया, Dhoni, Australia
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com