इस घटना में किसी खिलाड़ी को चोट नहीं आई है। प्रबंधन के मुताबिक इस घटना से खिलाड़ी घबराए हुए हैं।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
ढाका:
अपनी टीम की करारी हार से नाराज बांग्लादेशी प्रशंसकों ने मीरपुर के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम से होटल लौट रही वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम की आधिकारिक बस पर शुक्रवार को पथराव किया। वेबसाइट 'क्रिकइंफो' ने टीम प्रबंधन के हवाले से खबर दी है कि इस घटना में किसी खिलाड़ी को चोट नहीं आई है। प्रबंधन के मुताबिक इस घटना से खिलाड़ी घबराए हुए हैं। वेस्टइंडीज टीम के वरिष्ठ बल्लेबाज क्रिस गेल ने सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट 'ट्विटर' पर जारी अपनी टिप्पणी के माध्यम से पत्थरबाजी की इस शर्मनाक घटना को सार्वजनिक किया है। गेल ने अपनी टिप्पणी में लिखा है, "बांग्लादेश के लोग हमारी बस पर पथराव कर रहे हैं। बस की खिड़कियों का शीशा टूट गया है। मुझे यकीन नहीं हो रहा है..अब क्या हमारे ऊपर गोलियां बरसाई जाएंगी।" टीम के प्रबंधक फिलिप स्पूनर ने क्रिकइंफो को जानकारी दी कि बस की दो खिड़कियों के शीशे में दरार पड़ गई लेकिन शीशा टूटा नहीं। इस कारण बस के अंदर पत्थर नहीं घुस पाया। स्पूनर ने कहा, "हमने मैच के बाद होटल के लिए बस पकड़ी। रास्ते में हमारी बस पर कुछ पत्थर फेंके गए। दो शीशों में दरार पड़ गई है। हम सुरक्षित होटल पहुंच गए। सभी खिलाड़ी सुरक्षित हैं।" इससे पहले, अपनी टीम की शर्मनाक हार से खफा बांग्लादेशी प्रशंसकों ने स्टेडियम में जमकर हंगामा किया था। प्रशंसकों ने विरोधस्वरूप टीम के खिलाफ नारे भी लगाए। वेस्टइंडीज ने यह मैच नौ विकेट से जीता। बांग्लादेश की टीम टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 18.5 ओवरों में 58 रन पर पेवेलियन लौट गई। उसके नौ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं पार कर सके। इससे नाराज प्रशंसकों ने मैच खत्म होने से पहले ही चौके और छक्कों वाले प्लेकार्ड मैदान में फेंकने शुरू कर दिए थे। बहुतेरे प्रशंसकों ने जो टीम के रंगों वाली अपनी जर्सी उतार दी और उसे भी सीमा रेखा के करीब फेंक दिया। अपनी टीम के बेहद निराशाजनक प्रदर्शन से बुरी तरह खिन्न प्रशंसकों ने मैदान से बाहर जाते-जाते बांग्लादेशी टीम के खिलाफ नारे भी लगाए। बांग्लादेश की टीम इस मैच में अपने एकदिवसीय इतिहास के न्यूनतम योग पर सिमट गई। साथ ही यह विश्व कप का चौथा न्यूनतम योग है। एक कांटे का मुकाबला देखने के लिए मैदान में पहुंचे प्रशंसक अगर अपनी टीम का इतना खराब प्रदर्शन देखेंगे तो जाहिर तौर पर उनका गुस्सा किसी ने किसी रूप में तो जरूर फूटेगा। प्रशंसकों द्वारा फेंकी गई कोई भी चीज हालांकि खिलाड़ियों के करीब तक नहीं पहुंच सकी क्योंकि इस आशंका के मद्देनजर वेस्टइंडीज की पारी के अंतिम समय में सीमा रेखा के करीब सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। इस विश्व कप में बांग्लादेश की यह दूसरी हार है। उसे भारत के खिलाफ भी उद्घाटन मुकाबले में 87 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। उसे आयरलैंड के खिलाफ एकमात्र जीत मिली है लेकिन उसके लिए भी उसे संघर्ष करना पड़ा था।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
ढाका, वेस्टइंडीज, बस, पथराव