विज्ञापन
This Article is From Mar 15, 2011

दक्षिण अफ्रीका क्वार्टर फाइनल में पहुंचा

273 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही आयरलैंड की टीम 33.3 ओवरों में 141 रन बनाकर पेवेलिटन लौट गई।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
कोलकाता: दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम आईसीसी विश्व कप-2011 के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। उसने ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए ग्रुप 'बी' मुकाबले में आयरलैंड को 131 रनों से हराकर यह मुकाम हासिल किया। 273 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही आयरलैंड की टीम 33.3 ओवरों में 141 रन बनाकर पेवेलिटन लौट गई। इस जीत ने दक्षिण अफ्रीका को अपने ग्रुप में आठ अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंचा दिया है। उसके खाते में पांच मैचों में चार जीत दर्ज हैं जबकि इंग्लैंड के खिलाफ उसे हार का सामना करना पड़ा था। उसे अपना अंतिम मुकाबला बांग्लादेश के साथ खेलना है। इंग्लैंड को हराने वाली आयरिश टीम ने इस मैच में खराब बल्लेबाजी की। उसने 51 रन के कुल योग पर ही अपने पांच विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद केविन ओ' ब्रायन तथा गैरी विल्सन ने छठे विकेट के लिए 41 रन जोड़कर थोड़ा संघर्ष किया लेकिन 92 रन के कुल योग पर इन दोनों के आउट होने के बाद आयरलैंड की पारी सस्ते में सिमट गई। केविन ने 19 रन बनाए जबकि विल्सन ने 48 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 31 रनों की अच्छी पारी खेली। कप्तान विलियम पोर्टरफील्ड छह रन बनाकर पेवेलियन लौटे जबकि पॉल स्टर्लिग 10 रन बना सके। एड जॉएस से टीम को काफी उम्मीदें थीं लेकिन वह भी 12 रन बनाकर आउट हो गए। आयरलैंड के स्टार बल्लेबाज नियाल ओ' ब्रायन 10 रन बना सके। इसके अलावा जॉन मूनी ने 14, ट्रेंट जान्सटन ने 12 और जार्ज डॉकरेल ने 16 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से मोर्ने मोर्कल और रोबिन पीटरसन ने तीन-तीन विकेट लिए जबकि जैक्स कैलिस को दो सफलता मिली। जोहान बोथा और ज्यां पॉल ड्यूमिनी ने भी एक-एक विकेट झटका। इससे पहले, मध्यक्रम के धुरंधर बल्लेबाज ड्यूमिनी (99) की शानदार पारी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने आयरलैंड के सामने 273 रनों का लक्ष्य रखा। गेंदबाजी के दौरान एक विकेट हासिल करने वाले ड्यूमिनी को मैन ऑफ मैच चुना गया। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम ने अपने पांच महत्वपूर्ण विकेट 117 रनों पर ही गंवा दिए थे लेकिन इसके बाद ड्यूमिनी ने कोलिन इंग्रैम (46) और जेहान बोथा (नाबाद 21) के साथ शानदार साझेदारियां निभाकर अपनी टीम को सम्मानजनक स्थिति में पहुंचा दिया। 106 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से अपनी पारी को संवारने वाले ड्यूमिनी के साहस की बदौलत दक्षिण अफ्रीकी टीम निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट पर 272 रन बनाने में सफल रही। ड्यूमिनी और इंग्रैम के अलावा मोर्ने वैन विक ने भी 42 रनों की बेहद उपयोगी पारी खेली। पहला विकेट 24 रन के कुल योग पर गिरने के बाद कप्तान ग्रीम स्मिथ (7) और विक ने दूसरे विकेट के लिए 28 रन जोड़े लेकिन स्मिथ के दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से रन आउट होने के बाद विक ने जैक्स कैलिस (19) के साथ तीसरे विकेट के लिए 32 रन जोड़े। इसके बाद विक पेवेलियन लौटे। कैलिस का विकेट भी सस्ते में गिर गया। कैलिस 95 रन के कुल योग पर पेवेलियन लौटे थे। इसके बाद ड्यूमिनी ने फाफ डू प्लेसिस के साथ पांचवें विकेट के लिए 22 रन, इंग्रैम के साथ छठे विकेट के लिए 87 रन और बोथा के साथ सातवें विकेट के लिए 65 रन जोड़े। भारत के खिलाफ अर्धशतक लगाने वाले आमला 18 रन ही बना सके जबकि स्मिथ सात रन के व्यक्तिगत योग पर रन आउट हुए। स्मिथ का विकेट 52 रन के कुल योग पर गिरा जबकि विक का विकेट 84 रन के कुल योग पर गिरा। विक ने अपनी 41 गेंदों की तेज पारी में सात चौके और एक छक्का लगाया। मैच के बाद दक्षिण अफ्रीकी कप्तान ग्रीम स्मिथ ने कहा, "विकेट के बीच खराब दौड़ के कारण एक समय हमने खुद को खराब स्थिति में डाल लिया था लेकिन ड्यूमिनी ने शानदार खेल दिखाते हुए अपनी भूमिका के साथ भरपूर न्याय किया। ड्यूमिनी के अलावा इंग्रैम ने काफी अच्छा खेल दिखाया। कुल मिलाकर मैं अपनी टीम के प्रदर्शन से खुश हूं।" आयरलैंड के कप्तान पोटर्रफील्ड ने कहा, "हमने अच्छी शुरुआत की थी। 117 रनों पर हमने पांच विेकेट झटक लिए थे। 270 रनों का लक्ष्य हमारे लिए मुश्किल नहीं था लेकिन शुरुआती नुकसान के बाद हम लड़खड़ा गए। हमने इस पूरे टूर्नामेंट में अच्छी फील्डिंग की लेकिन इस मैच में हमसे कुछ कैच छूटे। हमने कई मैचों में संघर्षशक्ति दिखाई है। हम इस टूर्नामेंट से काफी कुछ सकारात्मक बातें सीखकर जा रहे हैं।"

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
द. अफ्रीका, हाशिम आमला, पेवेलियन, लौटा
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com