नींबू से लद जाएगा आपका पौधा, गार्डिंग एक्सपर्ट ने बताया नींबू के पौधे में ज्यादा फल लाने के लिए क्या करें

गार्डनिंग एक्सपर्ट तुषार जोशी ने नींबू के पौधे की सही देखभाल करने का तरीका और पौधे पर फल बढ़ाने के लिए कुछ खास टिप्स शेयर की हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में-

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
नींबू में फल ना लगें तो क्या करें?
(Photo Credit: NDTV)

अगर आपने अपने घर में नींबू का पौधा लगाया है, लेकिन इस पौधे पर नींबू ज्यादा आ नहीं रहे हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. कई बार पौधे पर फूल तो खूब आते हैं, पर कुछ दिनों बाद झड़ जाते हैं. ऐसे में पौधे पर फल नहीं लग पाते. इसे लेकर गार्डनिंग एक्सपर्ट तुषार जोशी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने नींबू के पौधे की सही देखभाल करने का तरीका और पौधे पर फल बढ़ाने के लिए कुछ खास टिप्स शेयर की हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में- 

नींबू के पौधे को कहां रखें?

गार्डनिंग एक्सपर्ट कहते हैं, अगर आप चाहते हैं कि आपके पौधे पर भर-भरकर नींबू आएं, तो सबसे पहले इसे सही जगह पर रखना जरूरी है. नींबू के पौधे की अच्छी बढ़त के लिए धूप बहुत जरूरी होती है. ऐसे में पौधे को उस जगह रखें, जहां इसे 5 से 6 घंटे की सीधी धूप मिल सके. 

नींबू के पौधे को कितना पानी देना चाहिए?

एक्सपर्ट के मुताबिक, इस पौधे को बहुत ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती है. खासकर जब पौधे पर खूब फूल आने लगें, तो कुछ समय के लिए पानी रोककर मिट्टी को सूखने दें. जब पौधे की मिट्टी ऊपर से पूरी तरह सूखी हुई लगे, केवल तब ही पानी डालें. 

नींबू के पौधे की मिट्टी कैसी होनी चाहिए?

गार्डनिंग एक्सपर्ट के मुताबिक, नींबू के पौधे की मिट्टी का उपजाऊ होना बहुत जरूरी है. मिट्टी तैयार करने के लिए गार्डन की मिट्टी में 1 किलो वर्मी कंपोस्ट या अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद डालें. इसके बाद इसमें 20 ग्राम पोटाश, 20 ग्राम नीम की खली, 20 ग्राम बोन मील और 20 ग्राम माइक्रोन्यूट्रिएंट्स डालकर अच्छी तरह मिला लें. इतना करते ही आपकी मिट्टी एकदम तैयार हो जाएगी. 

Advertisement

अब, गमले की ऊपर की मिट्टी की करीब 2 इंच परत सावधानी से हटाएं. ध्यान रखें कि आपको पौधे की मिट्टी को बहुत ज्यादा नहीं खोदना है, साथ ही पौधे की जड़ों को भी नुकसान नहीं पहुंचाना है. बस ऊपर से थोड़ी सी मिट्टी हटाएं, इसके बाद इसमें थोड़ी मात्रा में तैयार खाद डालें और फिर ऊपर से मिट्टी को ढक दें. इसके बाद पौधे में अच्छी तरह पानी दें. 

गार्डनिंग एक्सपर्ट हर 15 दिन बाद ऐसा करने की सलाह देते हैं. इससे पौधे को अच्छी तरह पोषण मिलता है, जिससे ज्यादा नींबू आने लगेंगे. 

Advertisement
नींबू के पौधे को कीड़ों से कैसे बचाएं?

एक्सपर्ट आगे कहते हैं, नींबू के पौधे की पत्तियों पर कीड़े ज्यादा आते हैं. इनसे बचने के लिए आप 1 लीटर पानी में 3 मिलीलीटर नीम का तेल मिलाकर पत्तियों पर स्प्रे कर सकते हैं. बस ध्यान रखें कि आपको ये स्प्रे हमेशा शाम के वक्त करना है. इससे पौधे पर कीड़े नहीं आएंगे. 

इस तरह छोटी-छोटी बातों को ध्यान में रखकर आप अपने पौधे पर नींबू बढ़ा सकते हैं. 

यह भी पढ़ें- कड़ी पत्ते के पौधे पर ज्यादा पत्ते कैसे लाएं? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया कड़ी पत्ते के पौधे को घना कैसे बनाएं 

Featured Video Of The Day
परमिंदर झोटा की हत्या के आरोपी के घर पर चला बुलडोजर, दुकान आग के हवाले!
Topics mentioned in this article
Gardening Tips
Lifestyle News