पौधों में कोकोपीट डालने से क्या होता है? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया घर पर फ्री में कोकोपीट कैसे बनाएं

गार्डनिंग एक्सपर्ट दीपक ने घर पर फ्री में कोकोपीट बनाने का आसान तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में, साथ ही जानेंगे कि पौधों में कोकोपीट डालने से क्या होता है-

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
घर पर कोकोपीट कैसे बनाएं?
(Photo Credit: Youtube)

अगर आपको अपने घर में पौधे लगाने का शौक है, तो आपने कोकोपीट के बारे में जरूर सुना होगा. कोकोपीट पौधों के लिए बहुत काम की होती है. पौधे की मिट्टी में इसे मिलाने की सलाह दी जाती है. अच्छी बात यह है कि आप अपने घर पर ही कोकोपीट को बड़ी आसानी से बना सकते हैं, साथ ही इसके लिए आपको बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत भी नहीं होगी. गार्डनिंग एक्सपर्ट दीपक ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने घर पर फ्री में कोकोपीट बनाने का आसान तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में, साथ ही जानेंगे कि पौधों में कोकोपीट डालने से क्या होता है- 

चाहिए होंगी ये चीजें 

कोकोपीट बनाने के लिए आप नारियल के छिलके, ग्राइंडर और बारीक छन्नी की जरूरत होगी. 

घर पर कोकोपीट कैसे बनाएं?
  • इसके लिए सबसे पहले नारियल के सूखे छिलके इकट्ठा करें. 
  • अब, इन छिलकों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. इसके बाद इन्हें हाथ से रगड़कर बारीक रेशे और पाउडर निकाला जा सकता है. अगर आप जल्दी काम करना चाहते हैं तो छोटे टुकड़ों को ग्राइंडर में पीस सकते हैं.
  • पीसने के बाद बड़े टुकड़ों को अलग कर दें और बाकी पाउडर को बारीक छन्नी से छान लें. इतना करते ही आपकी कोकोपीट बनकर तैयार हो जाएगी. 
पौधों में कोकोपीट डालने से क्या होता है?

इसे लेकर गार्डनिंग एक्सपर्ट बताते हैं, कोकोपीट खाद नहीं है. इससे पौधों को पोषण नहीं मिलता है. लेकिन फिर भी ये पौधों की अच्छी ग्रोथ के लिए जरूरी होती है. इसे पौधे की मिट्टी में मिलाया जाता है. 

दरअसल, कोकोपीट मिट्टी में पानी को कुछ समय तक बनाए रखने में मदद करती है. इससे मिट्टी जल्दी सूखती नहीं है. साथ ही ये मिट्टी को सख्त होने से बचाती है, कोकोपीट डालने से मिट्टी भुरभुरी बनाती है. इससे मिट्टी में हवा भी आसानी से पहुंचती है, जो फिर पौधे की अच्छी ग्रोथ में मदद करती है और इससे पौधा हरा-भरा और घना बना रहता है.  

इससे अलग अगर आप बीज से कोई पौधा उगाना चाहते हैं, तो भी कोकोपीट बड़े काम आती है. बीज को शुरुआती समय में नमी की ज्यादा जरूरत होती है, कोकोपीट नमी बनाए रखने में मदद करती है. साथ ही इसमें बीज आसानी से जम जाते हैं. जब पौधा थोड़ा बड़ा हो जाए, तब आप उसे ऐसी मिट्टी में लगा सकते हैं जिसमें कंपोस्ट और दूसरे जरूरी पोषक तत्व भी मौजूद हों.

Advertisement
मिट्टी में कितनी कोकोपीट मिलानी चाहिए?

गार्डनिंग एक्सपर्ट के मुताबिक, गमले या ग्रो बैग की मिट्टी तैयार करते समय नॉर्मल मिट्टी में करीब 30 से 50 प्रतिशत तक कोकोपीट मिलाई जा सकती है. इससे ज्यादा कोकोपीट इस्तेमाल करने से पौधे को पर्याप्त पोषण नहीं मिल पाएगा. इसलिए मात्रा का ध्यान रखें. इससे अलग आप पौधे की मिट्टी में कंपोस्ट या वर्मीकंपोस्ट डाल सकते हैं. 

इस तरह आप बड़ी ही आसानी से और कम मेहनत में अपने पौधों के लिए घर पर ही कोकोपीट तैयार कर सकते हैं. इससे गार्डनिंग का खर्च भी कम होगा और बेकार चीज का दोबारा इस्तेमाल भी हो जाएगा.

Advertisement

यह भी पढ़ें- एलोवेरा का पौधा सूख रहा है तो क्या करें? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया एलोवेरा के पौधे को हरा-भरा कैसे रखें

Featured Video Of The Day
kanpur snake terror python like anaconda video
Topics mentioned in this article
Gardening Tips
Lifestyle News