घूमना-फिरना किसे पसंद नहीं है और जब बात भारत कि हो तो आप समझ ही सकते हैं. क्योंकि यहां सिर्फ भारतीय ही नहीं बल्कि विदेशी भी बड़ी संख्या में घूमने आते हैं. आजकल सोशल मीडिया पर एक अमेरिकी कपल की कहानी खूब वायरल हो रही है. इस कपल ने भारत की यात्रा की और जब उन्होंने अपने 30 दिनों के खर्च का हिसाब इंटरनेट पर शेयर किया, तो लोग हैरान रह गए. एलेक्स (Alex) और अमेलिया (Amelia) नाम के इन दो ट्रैवलर्स ने बताया कि उन्होंने भारत के 13 शहरों को घूमने के लिए पूरे 10,605 डॉलर यानी लगभग 10 लाख रुपये खर्च कर दिए.
कपल ने खुद माना कि यह खर्च उनकी उम्मीद से कहीं ज्यादा था. लेकिन ऐसा क्यों हुआ? चलिए जानते हैं कि आखिर इन दोनों ने एक महीने में इतने पैसे कहां और कैसे खर्च किए.
हर दिन का खर्च ₹33,000 से ज्यादा-
एलेक्स और अमेलिया ने इंस्टाग्राम पर अपनी इस यात्रा का पूरा ब्योरा शेयर किया है. उन्होंने लिखा, हमने भारत में अपने 30 दिनों के सफर के लिए कुल 10,605 डॉलर (लगभग 10 लाख रुपये) खर्च किए. अगर इसे हर दिन के हिसाब से देखें, तो यह रोज का 354 डॉलर (यानी करीब 33,627 रुपये) के करीब है. इतना ही नहीं, कपल ने यह भी बताया कि उनके इस पूरे सफर में सबसे ज्यादा पैसा ट्रांसपोर्ट यानी आने-जाने में खर्च हुआ. उन्होंने 30 दिनों में 13 शहरों की यात्रा की, जिसके कारण उन्हें एक जगह से दूसरी जगह जाने में काफी समय और पैसा लगा.
लग्जरी होटल और फ्लाइट्स-
इस अमेरिकी कपल ने बताया कि वे कोई बजट ट्रैवलर या बैकपैकर (कम पैसे में घूमने वाले) नहीं हैं. उन्हें आराम और लग्जरी पसंद है, जिसकी वजह से उनका बजट इतना बढ़ गया. अपने 30 दिन के सफर में उन्होंने 6 बार फ्लाइट (हवाई जहाज) पकड़ी, 6 बार प्राइवेट गाड़ियां बुक कीं और सिर्फ 2 बार ट्रेन का सफर किया.
होटल का खर्च-
कपल ने महंगे और प्रीमियम होटल्स को चुना. उनके एक रात के ठहरने का औसत खर्च लगभग 127 डॉलर (यानी करीब 12,064 रुपये) था.
खाने-पीने का खर्च-
सुबह का नाश्ता हो, दोपहर का लंच या रात का डिनर तीनों समय वे बाहर अच्छे रेस्टोरेंट्स में ही खाना खाते थे.
कपल ने अपनी पोस्ट में लिखा, अगर हम कहें कि कुल खर्च का नंबर देखकर हम हैरान नहीं हुए, तो यह झूठ होगा. जब हमने सारा हिसाब जोड़ा, तो हम खुद भी चौंक गए.
सोशल मीडिया रिएक्शन-
जैसे ही यह पोस्ट इंटरनेट पर आई, लोग इस पर तरह-तरह के कमेंट्स करने लगे.
एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, "वाह! अगर आपने एक महीने में इतने पैसे खर्च किए हैं, तो यकीनन आप भारत में राजा-महाराजाओं की तरह रहे होंगे. वहीं एक दूसरे यूजर ने कपल का बचाव करते हुए लिखा, जो लोग भी हैरान हो रहे हैं, शायद उन्होंने कपल की प्रोफाइल पर पिन की गई पहली पोस्ट नहीं देखी. उन्होंने साफ लिखा है कि सफर पर निकलने से पहले उन्होंने 1 लाख डॉलर (करीब 83 लाख रुपये) की बचत की थी. वे यहां कंजूसी करने या तंगहाली में घूमने नहीं आए हैं.
एक तीसरे यूजर ने बड़ा ही सटीक कमेंट किया, यह बात बिल्कुल सही है. भारत में घूमना बेहद सस्ता हो सकता है अगर आप एक बैकपैकर की तरह रहें और लोकल खाना खाएं. लेकिन अगर आप मिड-रेंज या लग्जरी होटल चुनते हैं, अच्छा खाना और खास एक्सपीरियंस चाहते हैं, तो खर्च बढ़ेगा ही. वैसे भी कोरोना महामारी के बाद से हर चीज के दाम काफी बढ़ गए हैं.
वहीं एक अन्य यूजर ने अपने अनुभव की तुलना करते हुए लिखा, बाप रे! यह तो बहुत ज्यादा खर्च है. मैंने भारत में दो महीने बिताए थे, जिसमें पहले महीने का खर्च 500 डॉलर और दूसरे महीने का 700 डॉलर था.
क्या सच में महंगा है भारत घूमना?
इस वायरल खबर से एक बात तो साफ है कि भारत में हर तरह के टूरिस्ट के लिए विकल्प मौजूद हैं. अगर आप कम बजट में घूमना चाहते हैं, तो यहां लोकल ट्रेन, बस और स्ट्रीट फूड के जरिए बहुत कम पैसों में मजा लिया जा सकता है. लेकिन अगर आप एलेक्स और अमेलिया की तरह आराम, लग्जरी गाड़ियां और महंगे होटल चुनेंगे, तो भारत का टूर भी आपको इंटरनेशनल ट्रिप जितना महंगा पड़ सकता है.
ये भी पढ़ें- गर्मी और भीड़ से दूर! वीकेंड के लिए बेस्ट हैं ये 6 ऑफबीट हिल स्टेशन