UP Police Recruitment Exam: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियों के बीच अचानक एक ऐसी खबर वायरल हो गई, जिसने हजारों अभ्यर्थियों को राहत भी दी और फिर कन्फ्यूजन में भी डाल दिया. सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से घूमने लगी जिसमें दावा था कि परीक्षा देने जा रहे उम्मीदवार UPSRTC बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगे. बस एडमिट कार्ड दिखाइए और बिना टिकट यात्रा कीजिए. तारीख, परीक्षा का नाम और वेबसाइट लिंक जैसी डिटेल्स देखकर छात्रों को लगा कि ये पक्की सरकारी सूचना है. कई अभ्यर्थियों ने तो अपने सफर की प्लानिंग भी इसी भरोसे कर ली. लेकिन कहानी में असली ट्विस्ट इसके बाद आया.
वायरल पोस्ट में क्या लिखा था
पोस्ट में बताया गया था कि यूपी पुलिस SI भर्ती परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को होगी. इसमें ये दावा भी किया गया कि अभ्यर्थियों को UPSRTC बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी. कहा गया कि एडमिट कार्ड दिखाने पर परीक्षा से 24 घंटे पहले और 24 घंटे बाद तक फ्री सफर किया जा सकेगा. पोस्ट में uppbpb.gov.in से एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की जानकारी भी थी. यही वजह रही कि ये सूचना और ज्यादा भरोसेमंद लगने लगी.
UPSRTC ने जारी किया आधिकारिक बयान
जैसे ही पोस्ट तेजी से वायरल हुई, UPSRTC ने तुरंत स्थिति साफ की. परिवहन निगम मुख्यालय लखनऊ से 11 मार्च 2026 को आधिकारिक पत्र जारी किया गया. निगम ने साफ कहा कि मुफ्त यात्रा से जुड़ी सूचना पूरी तरह असत्य और भ्रामक है. ऐसी कोई सुविधा घोषित नहीं की गई है. X प्लेटफॉर्म पर कुछ अकाउंट्स के जरिए भी ये गलत जानकारी फैलाई जा रही थी. निगम ने दो टूक कहा कि मुख्यालय से फ्री यात्रा को लेकर कोई आदेश जारी नहीं हुआ है.
फिर अभ्यर्थियों के लिए क्या है सुविधा
हालांकि पूरी खबर गलत नहीं बल्कि आधी सच्ची निकली. UPSRTC ने बताया कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखा गया है. उम्मीदवारों को सफर में दिक्कत न हो, इसके लिए विशेष बसों की व्यवस्था की गई है. यानी यात्रा आसान बनाने की तैयारी है, लेकिन मुफ्त सफर वाली बात सिर्फ अफवाह है.
अफवाहों से बचें, सही सूचना पर भरोसा करें
निगम ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों से सावधान रहें. किसी भी सूचना पर भरोसा करने से पहले उसकी आधिकारिक पुष्टि जरूर करें. गलत जानकारी बेवजह परेशानी बढ़ा सकती है.