उत्तर प्रदेश में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ा मौका है. प्रदेशभर के युवाओं को अब रोजगार की जानकारी के लिए दर दर नहीं भटकना पड़ेगा. बस एक जगह जाकर ही उन्हें रोजगार से जुड़ी बड़ी जानकारियां मिल जाएंगी. प्रदेश सरकार ने युवाओं की परेशानी कम करने के लिए रोजगार मेले आयोजित करने का फैसला किया है. ये मेले किसी एक जगह पर नहीं लगेंगे. बल्कि अलग अलग स्थानों पर अलग अलग दिन लगा करेंगे. अलग अलग जिलों में 28 फरवरी तक 20 से ज्यादा रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा. इन मेलों में निजी कंपनियां और संस्थान हिस्सा लेंगे और योग्य उम्मीदवारों को सीधे इंटरव्यू के जरिए नौकरी पाने का मौका मिलेगा.
इस तरह लगेंगे रोजगार मेले
ये रोजगार मेले प्रदेश के अलग अलग जिलों में आयोजित किए जाएंगे ताकि ज्यादा से ज्यादा युवाओं तक अवसर पहुंच सके. इन मेलों में 10वीं, 12वीं पास, आईटीआई, डिप्लोमा और ग्रेजुएट अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार भाग ले सकते हैं. कई कंपनियां फ्रेशर्स को भी मौका देंगी. जिससे पढ़ाई पूरी कर चुके युवाओं को करियर की शुरुआत करने का बेहतर प्लेटफॉर्म मिलेगा. रोजगार मेलों में अलग अलग क्षेत्रों की कंपनियां शामिल होंगी. जिनमें सेल्स, मार्केटिंग, टेक्निकल, मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर से जुड़ी नौकरियां उपलब्ध हो सकती हैं. उम्मीदवारों का चयन मौके पर ही इंटरव्यू और योग्यता के आधार पर किया जाएगा. कुछ पदों पर तुरंत जॉइनिंग का अवसर भी मिल सकता है.
जरूरी दस्तावेज साथ ले जाना न भूलें
रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने सभी जरूरी दस्तावेज साथ लाने होंगे. इनमें अपडेटेड बायोडाटा, शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की कॉपी, आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो शामिल हैं. कुछ जिलों में ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा सकती है, इसलिए उम्मीदवारों को पहले से जानकारी लेना जरूरी है. ये रोजगार मेले युवाओं के लिए सुनहरा अवसर साबित हो सकते हैं. एक ही जगह कई कंपनियों से मिलने और सीधे इंटरव्यू देने का मौका मिलना बड़ी बात है. इच्छुक कैंडिडेड अपने जिले के रोजगार कार्यालय या आधिकारिक पोर्टल पर जाकर मेले की तारीख, स्थान और अन्य जरूरी जानकारी हासिल कर सकते हैं.
रिजर्व बैंक में असिस्टेंट बनने का मौका, आवेदन के लिए ग्रेजुएशन में इतने मार्क्स जरूरी