MP Teacher Recruitment Protest: भोपाल में वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने एक बार फिर प्रदर्शन किया. इस बार अभ्यर्थी सीएम हाउस पहुंचकर अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन देना चाहते थे. लेकिन जैसे ही अभ्यर्थी सीएम हाउस की ओर बढ़े और पॉलिटेक्निक चौराहे पर पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रोक लिया और वहां से खदेड़ दिया. इसके बाद कई अभ्यर्थियों को बसों में बैठाकर दूर छोड़ दिया गया.अभ्यर्थियों का आरोप है कि उन्हें मुख्यमंत्री से मिलने नहीं दिया जा रहा, जबकि वे शांतिपूर्ण तरीके से ज्ञापन देने जा रहे थे. उनका कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी बात नहीं सुन रही. कई अभ्यर्थी ओवर एज होने की कगार पर हैं, जिससे उनके भविष्य पर संकट मंडरा रहा है.
खून से लिख चुके हैं चिट्ठी
प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और बसों में बैठाकर खजूरी थाने ले जाकर छोड़ दिया. अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पहले भी लगातार प्रदर्शन कर चुके हैं. लोक शिक्षण संचालनालय से लेकर शिक्षा मंत्री तक से मुलाकात की, खून से आवेदन लिखे, मुंडन तक कराया, लेकिन अब तक कोई फैसला नहीं लिया गया.
ये हैं अभ्यर्थियों की मांगें
- अभ्यर्थियों के मुताबिक प्रदेश में 1.15 लाख से अधिक शिक्षक पद खाली हैं, इसके बावजूद भर्ती में सीमित पद ही निकाले जा रहे हैं.
- उनकी मांग है कि वर्ग-2 (माध्यमिक शिक्षक) भर्ती में हर विषय में कम से कम 3,000 पद या कुल मिलाकर न्यूनतम 10,000 पद बढ़ाए जाएं.
- वर्ग-3 (प्राथमिक शिक्षक) भर्ती 2025 में पद संख्या बढ़ाकर कम से कम 25,000 की जाए.
- प्राथमिक भर्ती में शामिल 3,200 विशेष शिक्षक पदों को अलग कर अलग से भर्ती निकाली जाए.
- साथ ही दोनों भर्तियों में जल्द दूसरी काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू की जाए.
इस मामले में एसीपी चंद्रशेखर पांडेय ने बताया कि अभ्यर्थियों के पास पॉलिटेक्निक चौराहे पर प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं थी. पुलिस ने उन्हें कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन वहां भीड़ इकट्ठा होती रही. इसी कारण प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया गया. फिलहाल किसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई है.
NDTV देगा अभ्यर्थियों और छात्रों का साथ - छात्रों या फिर अभ्यर्थियों के इस तरह के प्रदर्शन से जुड़ी खबरों की हर कवरेज एनडीटीवी एजुकेशन पर आप देख सकते हैं. छात्र या अभ्यर्थी अपनी आवाज लोगों तक पहुंचाने के लिए NDTV से जुड़ सकते हैं और सीधे संपर्क कर सकते हैं. इसके लिए उन्हें- education@ndtv.com पर मेल करना होगा.