अखिल भारतीय आयुर्वेद विज्ञान संस्थान (एआईआईएमएस) पटना में कई सारे पदों पर भर्ती निकली है. इन पदों के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया शुक्रवार यानी 20 मार्च से शुरू हो गई है. एम्स पटना में फैकल्टी के कुल 86 पदों पर भर्ती निकाली गई है. जो भी इच्छुक उम्मीदवार सरकारी नौकरी की तलाश में हैं, वो इस मौके को हाथ से जाने न दें और आवेदन कर दें. आवेदन ऑनलाइन मोड में ही किया जा सकेगा. अप्लाई करने की अंतिम तिथि 4 मई निर्धारित की गई है. एम्स पटना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आप आवेदन कर सकते हैं.
आवेदन प्रक्रिया क्या है?
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को एम्स पटना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. होमपेज पर एप्लीकेशन लिंक एक्टिव होगा. इसपर क्लिक कर दें. रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें, फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें. मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें. आवेदन शुल्क का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें.
ये भी पढ़ें- MP में 12वीं पास के लिए निकली डाटा एंट्री ऑपरेटर जॉब, 770 पदों पर होनी है भर्ती
एम्स पटना ने जिन 86 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे उनकी जानकारी इस प्रकार है-
- प्रोफेसर के 31,
- एडिशनल प्रोफेसर के 16,
- असोसिएट प्रोफेसर के 20
- असिस्टेंट प्रोफेसर के 19 पद शामिल हैं
जो उम्मीदवार आवेदन करना चाहते हैं, उनके पास मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित पद अनुसार एमबीबीएस, एमडी/एमएस/डीएम/एमसीएच, आदि की डिग्री होनी चाहिए. इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास पोस्ट ग्रेजुएशन के बाद टीचिंग/रिसर्च में तय साल का अनुभव भी होना चाहिए.
क्या है आयु सीमा
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 50 साल निर्धारित की गई है. जिसकी गणना 4 मई के आधार पर की जाएगी. आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी.
कितना है आवेदन शुल्क
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय शुल्क भी देना होगा. जनरल/ओबीसी के लिए ये शुल्क 2 हजार रुपये रखा गया है. वहीं एससी/एसटी/ईडब्लूएस के लिए 1200 रुपये है. जबकि पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क में छूट दी गई है. यानी उन्हें किसी भी तरह की फीस जमा नहीं करवानी होगी.
कितनी होगी सैलरी
चयनित कैंडिडेट्स को हर महीने सैलरी के तौर पर 1,01,500 से 2,20,400 रुपए के बीच प्रति महीने दिए जाएंगे.