UP Scholarship: होली से पहले उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने छात्रों को बड़ा तोहफा दिया है. योगी सरकार ने कक्षा 9वीं और 10वीं की छात्रवृत्ति राशि बढ़ाने का ऐलान किया है. पिछड़ा वर्ग के छात्रों को अब तीन हजार रुपये छात्रवृत्ति मिलेगी. बताया गया है कि प्रदेश के 38 लाख छात्रों को अब इस बड़ी योजना का लाभ मिलेगा. यूपी सरकार में मंत्री मंत्री नरेंद्र कश्यप ने इस फैसले का श्रेय सीएम योगी आदित्यनाथ को ही दिया है. ओबीसी छात्रों के अलावा दिव्यांगजनों को 1500 रुपये भत्ता देने का भी फैसला किया गया है. इसके लिए आय सीमा बढ़ाकर ढाई लाख रुपये की गई है.
पहले कितनी मिलती थी छात्रवृत्ति?
यूपी में पहले कक्षा 9 और 10 के ओबीसी छात्रों को 2250 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाती थी, जिसे बढ़ाकर अब 3000 किया गया है. यानी 750 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. अब ओबीसी छात्रों को एससी कैटेगरी के छात्रों जितनी ही छात्रवृत्ति दी जाएगी. क्योंकि परिवार की आय सीमा भी बढ़ाई गई है, ऐसे में इस योजना का दायरा बढ़ गया है और लाखों छात्रों को इसका लाभ मिलेगा.
कब दी जाती है राशि
यूपी में पहले मार्च में ही छात्रों को छात्रवृत्ति की राशि दी जाती थी, लेकिन अब 25 सितंबर से ये प्रक्रिया शुरू होती है. इस छात्रवृत्ति योजना का लाभ अब तक करीब 20 लाख छात्रों को मिल चुका है. गरीब छात्रों की आर्थिक सहायता के लिए सरकार की तरफ से ये योजना शुरू की गई थी, जिसमें अब बदलाव किए गए हैं.