- बेसिक शिक्षा परिषद ने सभी जिलों को तीस नवंबर तक पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं
- पांच वर्ष सेवा पूरी करने वाले सहायक अध्यापक प्राथमिक प्रधानाध्यापक और उच्च प्राथमिक में पदोन्नत किए जाएंगे
- पदोन्नति में देरी पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है और कुछ जिलों में नाराजगी भी है
उत्तर प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार अब खत्म होने जा रहा है. प्रदेश में करीब 60 हजार शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ मिलने की संभावना है. बेसिक शिक्षा परिषद ने सभी जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि 30 नवंबर तक पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी कर ली जाए. शिक्षकों की आखिरी बार बड़े स्तर पर पदोन्नति वर्ष 2016 में हुई थी. इसके बाद विभिन्न कारणों से यह प्रक्रिया लगातार टलती रही, जिससे हजारों शिक्षक वर्षों से अपने प्रमोशन का इंतजार कर रहे थे.
किन शिक्षकों को मिलेगा लाभ?
नियमों के अनुसार, पांच वर्ष की सेवा पूरी करने वाले परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापकों को प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक तथा उच्च प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक के पद पर पदोन्नति दी जाती है. इसके बाद अगली पदोन्नति उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक पद पर होती है.
प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में वर्तमान में लगभग 3.15 लाख शिक्षक कार्यरत हैं. इनमें से करीब 60 हजार शिक्षक पदोन्नति की पात्रता पूरी कर चुके हैं. परिषदीय प्राथमिक विद्यालय में 150 और उच्च प्राथमिक विद्यालय में 100 विद्यार्थियों की संख्या होने पर प्रधानाध्यापक का पद सृजित किया जाता है.
देरी पर होगी कार्रवाई
बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेंद्र कुमार तिवारी ने सभी जिलों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समय सीमा में प्रक्रिया पूरी की जाए. उन्होंने चेतावनी दी है कि अनावश्यक देरी होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है. फिलहाल श्रावस्ती ऐसा जिला है जहां पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. दूसरी ओर कुछ जिलों में प्रक्रिया धीमी रहने से शिक्षकों में नाराजगी भी है. गोंडा में हाल ही में पदोन्नति में देरी के विरोध में शिक्षकों ने धरना भी दिया था.
कोर्ट केस और टीईटी बना था अड़ंगा
पदोन्नति प्रक्रिया लंबे समय तक वरिष्ठता सूची से जुड़े न्यायिक मामलों और शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) को लेकर बने विवाद के कारण अटकी रही. इसी वजह से हजारों शिक्षक समय पर प्रमोशन से वंचित रहे. उप्र बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने वरिष्ठता के आधार पर "पहले आओ-पहले पाओ" की तर्ज पर काउंसिलिंग कराने की मांग की है.
गोरखपुर में बीआरसी पर होगी काउंसिलिंग
गोरखपुर में पदोन्नति से पहले अनंतिम वरिष्ठता सूची में सुधार की प्रक्रिया 25 से 29 नवंबर तक चलेगी. जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी धीरेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि शिक्षकों की काउंसिलिंग जिला मुख्यालय के बजाय संबंधित ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) पर कराई जाएगी.
काउंसिलिंग के दौरान शिक्षकों के अभिलेखों और वरिष्ठता संबंधी विवरण का सत्यापन किया जाएगा. यदि किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति मिलती है तो उसे अंतिम सूची जारी करने से पहले ठीक किया जाएगा. शिक्षकों को नियुक्ति संबंधी अभिलेख, टीईटी प्रमाणपत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर पहुंचना होगा.
यह भी पढ़ें | यूपी में लखनऊ जैसे 10 वर्ल्ड क्लास शहर बनेंगे, बुलेट ट्रेन-नमो भारत के बाद ऐलान, 2047 का मास्टर प्लान तैयार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं