UP Board exams 2026: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं आज से शुरू हो रही हैं. इसके लिए बोर्ड की तरफ से पहले ही पूरी तैयारियां की जा चुकी थीं. यूपी बोर्ड की पहली परीक्षा की बात करें तो 10वीं और 12वीं दोनों ही कक्षाओं के लिए पहले दिन हिंदी का पेपर होगा. तमाम सेंटर्स पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और निगरानी की जा रही है. परीक्षा से पहले बोर्ड की तरफ से कुछ नियम भी जारी किए गए थे, जिन्हें छात्रों को जानना जरूरी है. आइए जानते हैं कि परीक्षाएं कितने बजे से शुरू होंगीं और गेट कब बंद कर दिए जाएंगे.
परीक्षा की टाइमिंग
- पहली शिफ्ट की परीक्षा हाईस्कूल की होगी, जो सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक होगी
- दूसरी पाली में 12वीं की परीक्षा होगी, जो दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक है
कब बंद हो जाएंगे गेट?
यूपी बोर्ड की तरफ से छात्रों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा शुरू होने से कम से कम 1 घंटा पहले केंद्र पर पहुंच जाएं. परीक्षा शुरू होने के आधे घंटे पहले गेट बंद कर दिए जाएंगे. इसके बाद आने वाले छात्रों को परीक्षा देने से रोका जा सकता है. हालांकि अगर देरी से आने का कारण सही पाया जाता है तो विशेष परिस्थिति में 30 मिनट की देरी से आने वाले छात्रों को भी परीक्षा हॉल में जाने की इजाजत दी जाएगी.
बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े पांच जरूरी नियम
- एडमिट कार्ड लेकर जाना जरूरी है, अगर ये खो जाता है तो केंद्र व्यवस्थापक रिकॉर्ड से मिलान कर परीक्षा में बैठने की इजाजत दे सकते हैं.
- मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस परीक्षा केंद्र में लेकर जाने की इजाजत नहीं होगी.
- छात्राओं की जांच सिर्फ महिला स्टाफ ही कर सकता है, पुरुष स्टाफ छात्राओं की किसी भी तरह की जांच नहीं कर सकते हैं.
- आधे घंटे की देरी से आने वाले छात्रों को किसी भी हाल में एंट्री नहीं दी जाएगी. इसीलिए समय से पहले केंद्र पर पहुंच जाएं.
- अपनी सीट पर बैठने से पहले आसपास देख लें कि वहां कोई कागज का टुकड़ा या कुछ लिखा हुआ तो नहीं है, ऐसा होने पर आपको बाहर किया जा सकता है.