NEET Re-Exam 2026: NEET पेपर लीक के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की खूब किरकिरी हुई थी, छात्रों और तमाम लोगों ने एजेंसी को हटाने तक की मांग कर दी थी, जिसके बाद नीट की परीक्षा को दोबारा करवाने और छात्रों की फीस रिफंड करने की बात कही गई. साथ ही बताया गया कि 21 जून को पूरी तैयारी के साथ दोबारा एग्जाम करवाया जाएगा. अब इस दूसरे एग्जाम को लेकर केंद्र सरकार और एनटीए ने पूरा जोर लगा दिया है. नीट के बाद CBSE, CEUT और SSC वाले विवाद के बाद अब बात सिर्फ पेपर लीक या गड़बड़ी की नहीं रह गई है, अब सरकार और एनटीए की साख का भी सवाल है. यही वजह है कि अब मेडिकल के इस एग्जाम की तैयारी युद्ध स्तर पर चल रही है.
NEET-UG री-एग्जाम को लेकर NTA की हाई-लेवल बैठक
21 जून को होने वाले NEET-UG 2026 री-एग्जाम की तैयारियों की समीक्षा के लिए NTA ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अधिकारियों के साथ हाई-लेवल बैठक की है. महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री, बिहार, छत्तीसगढ़ और जम्मू-कश्मीर में मुख्य सचिवों ने बैठक की अध्यक्षता की. इस दौरान परीक्षा की सुरक्षा, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता और सेंटर की तैयारियों पर चर्चा हुई. साथ ही पुलिस, जिला प्रशासन और NTA के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया.
पूरा सहयोग देने का भरोसा
छात्रों के पुराने रजिस्ट्रेशन और सेंटर विकल्प ही मान्य रहेंगे, यानी उन्हें किसी भी तरह के नए रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं होगी. परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. राज्यों ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया है. NTA ने कहा कि निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी परीक्षा कराना हमारी प्राथमिकता है.
किले में तब्दील होंगे एग्जाम सेंटर
पेपर लीक से बचने के लिए तैयारी इस स्तर पर की गई है कि इसमें पैरामिलिट्री का भी सहयोग लिया जाएगा. इसके अलावा हवा से भी एग्जाम सेंटर्स की निगरानी रखी जाएगी. इससे पहले शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान बता चुके हैं कि एयरफोर्स एग्जाम पेपर पहुंचाने का काम करेगी. 21 जून को करीब पांच लाख जवानों की तैनाती इस परीक्षा के लिए की जाएगी, यानी तमाम परीक्षाओं पर उठ रहे सवालों और पेपर लीक के मामलों के बाद अब सरकार ने पूरी ताकत झोंक दी है.
पांच लाख जवान, AI कैमरे और पैरामिलिट्री... NEET Re-Exam के लिए सरकार ने झोंकी पूरी ताकत